महिला श्रद्धालुओं की गाड़ी तलाशने में लगे 2 घंटे, मारी बाइक को टक्कर

उज्जैन। महाराष्ट्र के संभाजीनगर से ट्रेवलर गाड़ी में 22 महिलाओं का दल महाकाल दर्शन करने गुरूवार को उज्जैन पहुंचा था। सभी देर शाम दर्शन करने मंदिर पहुंचे। दर्शन के बाद दल में शामिल 2 महिला श्रद्धालु मंजू पाटिल और वैशाली पाटिल भीड़ की वजह से बिछड़ गये। उनका मोबाइल भी ट्रेवलर गाड़ी में रखा था, जिसके चलते उन्हे साथियों के नम्बर भी याद नहीं थे। दोनों ने अपने साथियों की तलाश के लिये महाकाल थाना पुलिस से संपर्क किया। थाना प्रभारी गगन बादल ने एफआरवी 17 और एएसआई चंद्रभानसिंह चौहान को महिला श्रद्धालुओं के साथियों की तलाश करने की कमान सौंपी। एएसआई चौहान ने महिलाओं से जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि वह महाराष्ट्र पासिंग ट्रेवलर में सवार होकर आये थे। जिसके बाद पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास पार्किंग स्थलों पर महाराष्ट्र पासिंग ट्रेवलर की तलाश शुरू की, करीब 2 घंटे बाद चारधाम पार्किंग में उक्त ट्रेवलर मिल गई। दोनों महिला श्रद्धालुओं को उनके साथियों से मिलवाया गया। दल में उनके परिवार के भी लोग शामिल थे। जिन्होने मंजू पाटिल और वैशाली पाटिल के मिलने पर पुलिस का आभार माना और कार्यप्रणाली के साथ मानवीय व्यवहार की सराहना की।
शंकरपुर चौराहा पर शुक्रवार शाम तेजगति से दौड़ती कार ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में 2 मासूम और उनका बड़ा पापा घायल हुआ है। टक्कर मारने के बाद क्रमांक एमपी 13 एजी 8978 चालक मौके से लेकर भाग निकला। दोनों मासूमों के साथ उनके बड़े पापा को चरक अस्पताल लाया गया। जहां सामने आया कि घायलों में मुजैफ उर्फ हमजा पिता मुस्तकीम 5 साल निवासी शंकरपुर, उमेर पिता नईम 3 साल और मोहम्मद इमरान पिता युनूस 30 साल निवासी महिदपुर शामिल है। परिजनों ने बताया कि मोहम्मद इमरान शंकरपुर आया था और दोनों बच्चों को बाइक से आईक्रीम दिलाने के लिये चौराहा पर गया था। दुर्घटना की खबर मिलने पर पंवासा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंच घायलों के बयान दर्ज कर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। नम्बर के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है। दुर्घटनास्थल पर लोगों का कहना था चालक शराब के नशे में लग रहा था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment