उज्जैन । श्री महाकालेश्वर मंदिर में एक बार फिर से दर्शनार्थियों एवं सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट का विडियो वायरल हुआ है। घटना गुरूवार सुबह की बताई जा रही है। मंदिर प्रबंध समिति के सुरक्षा प्रभारी जयंत राठौर के अनुसार सामान्य दर्शन की लाईन में लगे श्रद्धालुओं ने बेरिकेडस लांघकर शीघ्रदर्शन की लाईन में प्रवेश किया था। रोकने गए सुरक्षाकर्मियों की कालर पकडी थी। विरोध के कारण ऐसी प्रतिक्रिया हुई। हालांकि दोनों सुरक्षाकर्मियों को पाईंट से हटा दिया गया है। जांच की जा रही है।महाकाल मंदिर में एक बार फिर श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर के गणेश मंडपम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है।विडियो में दो युवकों के साथ सुरक्षाकर्मियों की धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और महाकाल भक्तों ने मंदिर कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।अधुरा विडियो वायरल –यह घटना 11 जून की सुबह करीब 6:45 बजे की सामने आ रही है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो युवक दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं, तभी सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकते हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ जाता है और स्थिति हाथापाई तक पहुंच जाती है। घटना का वीडियो किसी श्रद्धालु ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वायरल विडियों को मंदिर प्रबंध समिति ने अधूरा एवं एक पक्षीय बताया है।मंदिर समिति ने सीसी टीवी फूटेज जारी किए- सुरक्षा प्रभारी श्री राठौर के अनुसार विडियो वायरल करने वाले श्रद्धालु ने एक पक्षीय विडियो जारी किया। मंदिर समिति ने जब विडियो निकलवाया तो उसमें सामने आया कि दोनों श्रद्धालुओं ने बेरिकेडस लांघा और उसके बाद उन्हें रोकने गए सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता की। कालर पकडी,गालियां दी। इससे विवाद की स्थिति रही। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सुरक्षाकर्मियों को फिलहाल गणेश मंडपम ड्यूटी से हटा दिया गया है।