इंदौर।पलासिया इलाके में गुरुवार को सड़क हादसे में 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। संविद नगर के पास पैदल जा रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार बुलेट सवार ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर घायल बुजुर्ग ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस को घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें आरोपी बुलेट सवार हादसे के बाद तेजी से भागता दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पलासिया पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान किसान राव (68) पिता नारायण संगोले के रूप में हुई है। वह संविद नगर इलाके में रहते थे। परिजनों ने बताया कि रिटायरमेंट के बाद उन्होंने घर से करीब एक किलोमीटर दूर गुलमोहर कॉलोनी स्थित एक बंगले में चौकीदारी का काम शुरू किया था। गुरुवार सुबह वह पैदल काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर पीछे से आए बुलेट सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बुलेट सवार मौके पर रुके बिना फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को सड़क से उठाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उनका इलाज जारी था, लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई।