उज्जैन।बस मालिकों ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और मंहगाई का हवाला देते हुए सरकार से स्टेज कैरिज यात्री बसों का किराया बढ़ाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं किया तो वे बसें बंद करने को मजबूर होंगे। अप्रैल में मांग पत्र के बाद अब शासन को स्मरण पत्र देकर मप्र बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपनी मांग को पूरा करवाने के लिए रणनीति भी बना ली है।एसोसिएशन ने तय किया है कि उज्जैन-इंदौर-भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर सोमवार व मंगलवार को सीएम डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपेंगे। इसमें बस संचालन के क्षेत्र में आ रही परेशानियों व परिस्थितियों का जिक्र करते हुए किराए में वृद्धि की मांग पर जोर रहेगा।इसी बीच एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल भोपाल पहुंचकर भी इस मामले में परिवहन मंत्रालय के जिम्मेदारों से सीधी बात कर उनका रूख जानेगा। बात नहीं बनने पर बसों का संचालन बंद करने पर विचार करेंगे। प्रदेश में करीब 18 हजार यात्री बसें हैं। इनमें से 2500 बसें उज्जैन संभाग से संचालित होती है।शासन स्तर की किराया बोर्ड की बैठक में तय होता है। वर्तमान में प्रदेश में प्रथम एक किमी का 7 रुपए फिर प्रति किमी का 1 रुपए 25 पैसे किराया निर्धारित है। एसोसिएशन लंबे समय से किराए में बढ़ोतरी की मांग करती आ रही है।
बस मालिकों की चेतावनी- किराए में बढ़ोतरी नहीं की तो बसें बंद कर देंगे