उज्जैन। युवा तुर्क नगर निगम आयुक्त बुधवार पूर्वान्ह में किसी शिक्षक की भांति नगर निगम के विभिन्न विभागों में पहुंचे और उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर से कर्मचारियों की हाजरी जांची। इस दौरान एक कर्मचारी बगैर सूचना के 10 दिनों से गायब मिला तो उसे निलंबित करने के आदेश दिए । इसके साथ ही अन्य विभागों में गायब मिले 5 कर्मचारियों के 10 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त के औचक निरीक्षण से सभी 6 जोन के साथ पीएचई कार्यालय में भी हडकंप मच गया।
पिछले सप्ताह नगर निगम आयुक्त जोन 4 दशहरा मैदान में औचक रूप से निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां भी उन्हें कर्मचारी गायब मिले थे। इस पर उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर से जांच की थी। जोन में पदस्थ करीब 30 में से आधे से भी कम कर्मचारियों की उपस्थिति सामने आई थी। इस पर भी उन्होंने कार्रवाई की है। बुधवार को एक बार फिर से अनुशासन कायम करने के लिए आयुक्त मुख्यालय पर पहुंचे और औचक निरीक्षण में कर्मचारियों की अनुशासनहीनता पकडी है।
इन विभागों में जांची उपस्थिति-
आयुक्त ने स्थापना विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, मानचित्र विभाग, जन्म मृत्य एवं विवाह पंजीयन विभाग का औचक निरीक्षण किया । उन्होंने विभाग के अंदर टेबल पर बैठकर उपस्थिति रजिस्टर की जांच की ।
स्थापना शाखा से शुरूआत-
आयुक्त सर्वप्रथम स्थापना शाखा पहुंचे और विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई। जांच के दौरान अभिषेक रघुवंशी, सहायक वर्ग 3 की उपस्थिति रजिस्टर में 1 जून से उपस्थिति दर्ज नहीं पाए जाने पर जानकारी प्राप्त की गई । सामने आया कि सम्बंधित कर्मचारी ने 1 से 5 जून तक अवकाश आवेदन किया था। उक्त फार्म स्वीकृत नहीं हुआ था । इसके साथ ही उक्त कर्मचारी द्वारा 5 जून के उपरांत भी आज दिनांक तक कार्यालय में उपस्थिति दर्ज नहीं की है। आयुक्त द्वारा सम्बंधित कर्मचारी को निलंबित किये जाने के निर्देश दिए गए । इसी विभाग में हर्षिल शाह सहायक वर्ग 3 कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए। उनका 2 दिवस का वेतन काटे जाने के निर्देश प्रदान किये गए।
चार अन्य महिला लिपिक,भृत्य अनुपस्थित-
स्थापना शाखा के निरीक्षण के उपरांत वे जन्म मृत्यु एवं विवाह पंजीयन शाखा, मानचित्र विभाग एवं सामान्य प्रशासन विभाग का भी निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई । इस दौरान जन्म-मृत्यु विभाग में श्रीमती सोनू मकवाना प्रभारी लिपिक , श्रीमती पूजा चौधरी, प्रभारी लिपिक एवं सामान्य प्रशासन विभाग में श्रीमती लक्ष्मी राणावत, प्रभारी लिपिक एवं श्रीमती राजूबाई भृत्य अनुपस्थित मिले। चारों का दो-दो दिवस का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए गए।
अनुपस्थित मिले तो कार्रवाई तय- आयुक्त
आयुक्त श्री मिश्रा ने समस्त कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कार्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर सौंपे गए कार्य सम्पादित करें। यदि निरीक्षण के दौरान कोई भी कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाया जाता है तो उस पर तय नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी।