नागदा। छह माह पहले खाचरोद उपजेल से फरार हुए तीन विचाराधीन बंदियों में से एक आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। खाचरोद और रतलाम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फरार आरोपी गोपाल कीर (23) को रतलाम जिले के खारवाकला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक तलवार भी बरामद हुई है, जिसके चलते उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। वहीं, जेल से फरार हुए अन्य दो आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।25 दिसंबर 2025 को खाचरोद उपजेल में बंद तीन विचाराधीन बंदी जेल परिसर में पेंटिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था में मिली ढील का फायदा उठाकर तीनों फरार हो गए थे। घटना के बाद प्रदेशभर में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन जेल महानिदेशक वरुण कपूर खाचरोद पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच के बाद दो जेलर और एक जेल प्रहरी को निलंबित किया गया था।
जेल से फरार कैदी छह महीने बाद गिरफ्तार; दो आरोपी अब भी फरार