उज्जैन। नायब तहसीलदार के मकान का शनिवार-रविवार रात बदमाशों ने ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दे दिया। सुबह आसपास के लोगों को ताला टूटा दिखाई दिया तो परिवार को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच के लिये पहुंची। कैमरे में 2 बदमाश दिखाई दिये है।
नागझिरी थाना क्षेत्र की क्षिप्रा विहार कालोनी के डी सेक्टर में पारस वैश्य का मकान बना हुआ है। वह देवास जिले के सोनकच्छ में नायब तहसीलदार है। उनका एक मकान ओर है, जहां माता-पिता निवास करते है। क्षिप्रा विहार कालोनी का मकान पिछले 10-12 दिनों से सूना था। रविवार सुबह मकान में चोरी होने की खबर मिलने पर परिवार के लोग पहुंचे। मकान में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थी। बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली थी। चोरी की सूचना पर पुलिस वारदात स्थल पहुंची। इस दौरान सामने आया कि बदमाश करीब आधा किलो चांदी के आभूषण, सोने की चेन और कुछ अन्य आभूषण के साथ नगद 10-11 हजार के लगभग ले गये है।
दीवार कूदता दिखाई दिया बदमाश
पुलिस ने चोरी करने वाले बदमाशों का पता लगाने के लिये मकान पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाले तो 2 बदमाश दिखाई दिये। एक बदमाश मकान की बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर जाता दिखाई दिया। दूसरा बाहर खड़ा था। दोनों बदमाश तड़के 4 बजे के लगभग आये थे। मकान के मेन गेट का लॉक तोड़ने के बाद दोनों अंदर घुसे थे। उन्होने सिर और चेहरा छुपा रखा था। वारदात के बाद बेग लेकर दोनों पैदल निकल गये।
शहर में घूम रही चोरों की गैंग
पिछले कुछ दिनों से शहर में लगातार चोरी की वारदात होना सामने आ रहा है। चिमनगंज थाना क्षेत्र में 15 अगस्त से 21 अगस्त के बीच 4 से 5 मकानों में वारदात होना सामने आ चुकी है। अब चोरों का मूवमेंट नागझिरी क्षेत्र में दिखाई दिया है। मकानों-दुकानों के साथ बाइक चोर भी सक्रिय है, जो प्रतिदिन 2 से 3 बाइक चोरी कर रहे है।
चोरों ने नायब तहसीलदार के मकान का तोड़ा ताला -कैमरे में दिखे 2 बदमाश, आभूषण-नगदी गायब