ग्वालियर-उज्जैन के 6 लोग घायल, 15 से 20 यात्री थे सवार इंदौर से उज्जैन आ रही सपना ट्रेवल्स की बस पलटी

उज्जैन। शनिवार-रविवार रात 1.30 बजे स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने सपना ट्रेवल्स की बस पलटी खा गई। घटनाक्रम की खबर मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। 6 यात्रियों को गंभीर चोंट लगी थी, जिन्हे चरक अस्पताल पहुंचाया गया। बस में 15 से 20 यात्री सवार थे, शेष सुरक्षित बताये गये है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस रात में सर्कल भ्रमण कर रही थी, उसी दौरान सूचना मिली कि इंदौररोड पर स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने सपना ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 13 झेड डी 0199 डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई है। सर्कल भ्रमण की टीम मौके पर रवाना हुई। 3 से 4 एम्बुलेंस भी आ गई थी। बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया। 6 यात्रियों को चोंट लगी थी,जिसमें महिलाएं भी शामिल थी, उन्हे उपचार के लिये चरक अस्पताल भेजा गया। जहां घायलों के नाम वर्षा पति गोविंद अग्रवाल 54 साल, सुधीर पिता गोविंद अग्रवाल 25 साल निवासी ग्वालियर, खुशी पिता नीरज तिवारी 15 साल विजयनगर इंदौर, वंश पिता मोहन खत्री 10 साल, वंदना पति मोहन खत्री 32 साल निवासी सांईधाम कालोनी उज्जैन और हरविंदर पिता अर्जुनसिंह 32 साल ग्राम जवीनखेड़ी सामने आये। डॉक्टरों ने सभी को भर्ती किया था। घायलों से जानकारी लेने पर पता चला कि ड्रायवर मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था। यहीं नहीं क्लीनर भी उससे हंसी मजाक कर रहा था, बस की रफ्तार तेज थी और बारिश भी हो रही थी। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में घायल वंदना के पति मोहन खत्री की शिकायत पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 281, 125-ए भारतीया न्याय संहिता का मामला दर्ज किया गया है।
घटनाक्रम के बाद भागे चालक-क्लीनर
थाना प्रभारी ने बताया कि घटनाक्रम के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां घायल यात्री मिले। बस का चालक और क्लीनर भाग निकले थे। रात में पलटी बस को क्रेन से खड़ा कर जप्त करने के बाद थाने लाया गया है। बस नम्बर और ट्रेवल्स एजेंसी के माध्यम से चालक का पता लगाया जा रहा है।
अंधाधंूध गति से बस दौड़ाते है चालक
इंदौर-उज्जैन के बीच यात्री बसों की संख्या इतनी अधिक हो चुकी है कि चालक नम्बर के चक्कर में अंधाधूंध गति से दौड़ाते है और इंदौर से उज्जैन स्टेंड पर पहुंचने की जल्दबाजी में रहते है। बस चालकों की वजह इस मार्ग पर आये दिन दुर्घटना भी होना सामने आ रही है। यातायात पुलिस का एंटरसेप्टर वाहन अगर इस मार्ग पर यात्री बसों की रफ्तार को पकड़े तो अंधाधंूध गति के मामले सामने आ सकते है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment