उज्जैन। बिरलाग्राम में रविवार शाम तलवार से सीने पर हमला कर युवक की हत्या कर दी गई। शराब पीने के बाद बीड़ी मांगने पर विवाद हुआ था। पुलिस ने कुछ देर बाद ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटीदार ने बताया कि शाम 6.30 के लगभग खबर मिली कि ई ब्लॉ टापरी नाले के पास युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। उसके सीने पर वार किये गये है। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक जयप्रकाश उर्फ टक्कू पिता राकेश परिहार 19 साल ई ब्लॉक बिरलाग्राम का रहने वाला है। हत्या वहीं के रहने वाले मोहनलाल पिता अंबाराम ढोली 55 साल ने की है। घटनास्थल पर जांच के बाद मृतक की बॉडी पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजी गई। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद ही आरोपी को राउंड अप कर लिया गया। जिससे पूछताछ में पता चला कि दोनों ने पहले साथ में बैठकर शराब पी थी, मोहनलाल ने बीड़ी मांगी, लेकिन जयप्रकाश ने मना कर दिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई। मोहनलाल चला गया और कुछ देर बाद तलवार लेकर लौटा। जयप्रकाश कुछ समझ पाता उससे पहले मोहनलाल ने सीने पर वार करना शुरू कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार फिलहाल मामले की जांच जारी है। तलवार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
बीड़ी नहीं देने पर तलवार से युवक की हत्या