जीरापुर (गागोरनी)। मध्य प्रदेश शासन के निदेर्शानुसार पीएम श्री विद्यालय शासकीय उमावि गागोरनी में दिनांक 30 जनवरी को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए करियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय चयन, विभिन्न करियर विकल्पों एवं छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा सरस्वती पूजन के साथ की गई। इसके पश्चात विद्यालय काउंसलर अनिल पुष्पद ने करियर काउंसलिंग की आवश्यकता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अतुल प्रजापति ने मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, संबंधित पाठ्यक्रमों एवं प्रवेश प्रक्रियाओं की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान किया। साथ ही उन्होंने अध्ययन की सही विधि एवं बेहतर परिणाम प्राप्त करने के उपयोगी सुझाव भी दिए। विशेष अतिथि अजीत राजावत, ग्रामीण बैंक मैनेजर ने बैंकिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के साथ-साथ बैंकिंग फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने भारतीय नौसेना में 18 वर्षों की सेवा के अनुभव साझा करते हुए लक्ष्य निर्धारण में जोश एवं अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक आशीष कुमार शर्मा, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य रमेश चंद्र दांगी ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण एवं समय प्रबंधन के प्रति प्रेरित किया। करियर मेले के सफल आयोजन में विजय चौधरी, अंतिम पुष्पद, भगवान मालवीय एवं कमल दांगी का विशेष सहयोग रहा।