इंदौर। एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी जुनैद उर्फ जुन्नु को क्राइम ब्रांच इंदौर ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले से चोरी, मारपीट, अवैध हथियार, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट समेत 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब उससे ड्रग्स के नेटवर्क और सप्लाई चेन को लेकर पूछताछ कर रही है। मामला क्राइम ब्रांच के अपराध क्रमांक 57/2025, धारा 8, 22 एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस पहले सलीम रहमान को 20.84 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक्सेस स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर चुकी थी। विवेचना के दौरान जुनैद उर्फ जुन्नु की भूमिका सामने आने के बाद वह लगातार फरार चल रहा था। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर क्राइम ब्रांच ने 18 अगस्त को घेराबंदी कर सदर बाजार निवासी 27 वर्षीय जुनैद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी किराये पर ई-रिक्शा चलाता है और नौवीं कक्षा तक पढ़ा है।
16 केसों का रिकॉर्ड, अब ड्रग नेटवर्क की पड़ताल- जुनैद के खिलाफ वर्ष 2016 से लेकर 2025 तक चोरी, मारपीट, अवैध हथियार, आबकारी, एनडीपीएस सहित अलग-अलग धाराओं में 16 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें एक मामला धारा 307 समेत गंभीर धाराओं का भी बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इस प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार सलीम रहमान के कब्जे से 20.84 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए, और करीब 80 हजार रुपए कीमत की एक्सेस स्कूटी जब्त की गई थी। कुल मशरूका करीब 2.80 लाख रुपए बताया गया है।
क्राइम ब्रांच का ड्रग्स पर बड़ा आंकड़ा- क्राइम ब्रांच के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 57 मामलों में 122 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस दौरान 2.55803 किलो एमडी, 28.338 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 268.58 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3.15 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं।
अब जुनैद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर उसके जरिए सामने आने वाले ड्रग्स नेटवर्क के अगले किरदारों पर है।