आपत्ति के बावजूद खरगोन रोड पर सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण जारी स्थान परिवर्तन की मांग

सनावद। शहर के खरगोन रोड पर कृषि उपज मंडी के कोल्ड स्टोरेज के सामने नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण अब सवालों के घेरे में है। सनावद संघर्ष समिति ने निर्माण स्थल को लेकर आपत्ति जताते हुए कलेक्टर, मंडी प्रबंधन और नगर पालिका से काम रोककर स्थान परिवर्तन की मांग की है।समिति का कहना है कि सनावद-बड़वाह बाईपास बनने के बाद खरगोन रोड पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में भविष्य में इस मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता पड़ सकती है। बड़वाह में महेश्वर रोड को फोरलेन से जोड़ने के लिए जिस तरह चौड़ीकरण किया जा रहा है, उसी तर्ज पर सनावद में भी खरगोन रोड के विकास की जरूरत बताई जा रही है।ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जिस स्थान पर आज सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है, क्या भविष्य में सड़क चौड़ीकरण के दौरान यही निर्माण बाधा नहीं बनेगा? यदि बाद में निर्माण हटाना पड़ा तो सरकारी धन के संभावित नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी?संघर्ष समिति के अनुसार निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध और आपत्तियां सामने आने के बावजूद काम जारी है। समिति का यह भी दावा है कि निर्माण स्थल के लिए कृषि उपज मंडी से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया गया है तथा मंडी प्रबंधन द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद भी स्थान परिवर्तन नहीं किया गया।दूसरी ओर, कृषि उपज मंडी इसी स्थान पर करीब 15 से 20 दुकानों का निर्माण कर बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए डीपीआर तैयार होने और शीघ्र टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ मंडी की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।समिति ने कलेक्टर खरगोन, मंडी के महाप्रबंधक एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सनावद से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्माण कार्य की समीक्षा कर फिलहाल काम रोका जाए और सुलभ कॉम्प्लेक्स के लिए ऐसा स्थान तय किया जाए, जहां भविष्य के विकास और सड़क चौड़ीकरण में कोई बाधा न आए।

पहले भी उठ चुका है सवाल
समिति ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में कन्या विद्यालय के सामने भी नगर पालिका द्वारा आपत्तियों के बावजूद सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। ऐसे में अब खरगोन रोड पर चल रहे निर्माण को लेकर भी भविष्य की जरूरतों और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग उठ रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment