March 29, 2024

महाकाल दर्शन कर देवास जाएंगे, शाम को इंदौर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में प्रदेश कोर कमेटी की होगी बैठक, सीएम भी साथ में

इंदौर / उज्जैन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इंदौर आकर उज्जैन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित मंत्री व भाजपा नेताओं ने उनका विमानतल पर जोरदार स्वागत किया। उज्जैन व देवास के कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद भाजपा अध्यक्ष नड्डा
शाम को प्रदेश संगठन और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नेताओं के साथ भाजपा कार्यालय में बैठक भी करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री और कई बड़े नेताओं सहित प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
नड्डा दिल्ली से इंदौर आकर सड़क मार्ग से उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए। रास्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। इसके बाद वे उज्जैन से हेलिकॉप्टर से देवास पहुंचेंगे। जहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ वे महिला स्वसहायता समूह और पोषण संयत्रों के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से हेलिकॉप्टर से वे इंदौर पहुंचेंगे और वहां से सुहास भगत के यहां शोक प्रकट करने जाएंगे। इसके बाद वे भाजपा कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष तथा पदाधिकारी भाग लेंगे। इंदौर जिले तथा शहर की प्रबंध समिति के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मिलेंगे। यहां से वापस लौटते समय भाजपा कार्यकर्ता उनका रास्तेभर स्वागत करेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को विधानसभा स्तर पर जवाबदारी दी गई है।