मुख्यमंत्री यादव का गृह क्षेत्र धर्मधानी उज्जैन में भगवा ध्वज ने छुआ आसमान

 

अनिल फिरोजिया की रिकार्ड जीत से एक बार फिर उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़

उज्जैन। महाकाल की नगरी और प्रदेश की धर्मधानी उज्जैन में एक बार फिर भगवा परचम ने आकाश छुआ। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने रिकार्ड जीत दर्ज की है। निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के महेश परमार को 4 लाख से अधिक वोटो से हरा दिया। यह नया रिकार्ड है। इससे पहले 2019 में फिरोजिया ने ही कांग्रेस प्रत्याशी बाबूलाल मालवीय को तीन लाख 65 हजार 637 वोटों से हराया था।

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का गृह क्षेत्र होने से भी यह सीट चर्चा में थी। साथ ही अक्टूबर-2022 में श्री महाकाल महालोक के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकार्पण किए जाने के बाद भाजपा ने इस अपनी बड़ी उपलब्धि बताया था। इन सब समीकरणों के बीच यह क्षेत्र भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया था।
रिकार्ड जीत से एक बार फिर उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़ साबित हुआ है। उल्लेखनीय है कि उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र में 1951 से लेकर 2019 तक हुए 17 चुनावों में केवल पांच बार कांग्रेस जीती है। इस सीट को भाजपा का मजबूत किला माना जाता रहा है। इस बार भी शुरुआती दौर में यहां चुनाव एकतरफा ही माना जा रहा था। इसके बाद कुछ रोचक राजनीतिक समीकरण देखने को मिले।