दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व में राजग की महत्वपूर्ण बैठक, चंद्रबाबू व नीतीश कुमार की लिखित चिट्ठी मिलने के बाद ही एनडीए करेगा सरकार बनाने का दावा

किंग मेकर की भूमिका में जदयू-टीडीएस, 9 जून को हो सकता है मोदी सरकार का तीसरा शपथ ग्रहण

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव परिणाम आने बाद केंद्र में नई सरकार के गठन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाजपा 241 सीट लेकर सबसे बड़ी पार्टी तो है लेकिन वह अकेले अपने दम पर बहुमत नहीं पा सकती, लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन जरूर स्पष्ट बहुमत पाकर 292 सीट जीत चुका है। बहुमत के लिए 272 का आंकड़ा चाहिए था। इंडी गठबंधन ने भी 234 सीटें जीती है, परंतु बहुमत उसके पास नहीं है। ऐसी स्थिति में पूरी नजरे चंद्रबाबू नायडू 16 सीट , नीतीश कुमार 12 सीट और अन्य 17 सीट पर लगी हुई है। यही गेम मेकर होंगे।
आज दिल्ली में मोदी कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। इसके बाद पीएम आवास पर एनडीए घटक दलों की बैठक होगी, जिसमें नई सरकार के गठन में मंथन किया जाएगा।

कई बड़े नेता दिल्ली पहुंचे

एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और एकनाथ शिंदे समेत अन्य नेता दिल्ली पहुंच गए हैं।

विमान में हुई नीतीश-तेजस्वी की मुलाकात

पटना से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में नीतीश कुमार और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मुलाकात हुई। नीतीश जब अपनी सीट पर पहुंचे, तो पीछे वाली सीट पर तेजस्वी पहले से बैठे हुए थे। नीतीश को देखकर तेजस्वी खड़े हुए और नमस्कार किया। नीतीश ने भी नमस्कार किया और पैर की चोट के बारे में पूछा। इसके बाद नीतीश भी अपनी सीट पर बैठ गए। मीडिया ने प्रतिक्रिया चाही, तो दोनों नेताओं ने हाथ जोड़ते हुए इनकार कर दिया।

भाजपा खेमे से जबरदस्त हलचल

आशा के अनुरूप सीट नहीं आने के कारण भाजपा खेमे में जबरदस्त हलचल है। नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू से समर्थन की चिट्ठी मिलने के बाद ही भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।

राष्ट्रपति देंगे सरकार को विदाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मोदी सरकार 2.0 को विदाई देंगी। इसके लिए भोज का आयोजन किया गया है। बता दें, लोकसभा चुनाव 2024 में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। 241 सीट जीतकर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हालांकि वह लोकसभा की कुल 543 सीटों में से बहुमत के लायक 272 सीट से पीछे है।

एनडीए के घटक दलों को मिला लिया जाए तो कुल संख्या 294 हो रही है। यानी बहुमत से 22 ज्यादा। वहीं विपक्ष दलों के गठबंधन आईएनडीआईए को 232 सीटें मिली हैं। वहां भी सरकार बनाने की संभावनाएं टटौली जा रही हैं। गठबंधन के नेताओं का मानना है कि यदि नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू पाला बदल लेते हैं, तो मोदी को तीसरी बार पीएम बनने से रोका जा सकता है।

यूपी ने बिगाड़ दिया भाजपा का खेल

80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में भाजपा को सबसे अधिक आशाएं थी। वह गणित लगाए बैठे हुए थे कि 60 से 70 सीट उत्तर प्रदेश से जीती जा सकती हैं। मिली सिर्फ 39 । यहां पर दो शहजादे राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने जबरदस्त खेल कर दिया।

…फिर मोदी सरकार ! लेकिन चुनौतियां भी बेशुमार

राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू हो गई है। 9 जून तक वहां पर आम जनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। इसी बीच यह माना जा रहा है कि एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी परंतु यह मोदी सरकार अकेली भाजपा सरकार नहीं होगी। बल्कि, गठबंधन सरकार होगी। यही वजह है कि इस बार मोदी सरकार के सामने चुनौतियां भी बेशुमार होंगी। यदि चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार लिखित में चिट्ठी दे देते हैं। तब भी पूरे समय उनका अंकुश रहेगा। बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार भी चुनौती के रूप में सामने होंगे।।