पाइप गोदाम में लगी आग से उठा धुएं का गुब्बार

उज्जैन। खाचरौद में शनिवार दोपहर पंचवटी मार्ग पर प्लास्टिक पाइप गोदाम में आग लग गई। गोदाम से उठता धुएं का गुब्बार एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। ाीषण आगजनी की खबर लगते ही नागदा और खाचरौद की फायर बिग्रेड की दमकले मौके पर पहुंच गई। गोदाम में कृषि उपकरण संबंधित प्लास्टिक के पाइप रखे होने पर आग काफी तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किये। करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने बताया कि गोदाम का संचालन सुधीर जयसवाल द्वारा किया जाता है। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है, लेकिन सुधीर के अनुसार आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है। सुधीर जयसवाल ने मामले की शिकायत खाचरौद थाने पर दर्ज कराई है। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान मौके पर कोई नहीं था, जिसके चलते जनहानि नहीं हुई है। लेकिन धुएं का गुब्बार देख आसपास के लोग दहशत में आ गये थे।

Author: Dainik Awantika