सवा सौ करोड़ के घोटाले पर खुलकर बोला गिरफ्तार इंजीनियर –इंदौर नगर निगम में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार, सबको देना पड़ता है  कमीशन 

 इंदौर। नगर निगम इंदौर में सवा सौ करोड़ के घोटाले का मुख्य मुलजिम अभय राठौर ने खुलकर भ्रष्टाचार तो स्वीकारा लेकिन छोटे कर्मचारी से लेकर बड़े अफसर तक को भ्रष्ट बताया। यह भी कहा कि नगर निगम में काम ”सिस्टम” (शुभ-लाभ) से होता है। 62 लोगों के नाम बताए है जो भ्रष्टाचार और गडबड़ी में लिप्त है।
पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। 59 वर्षीय अभय राठौर (निलंबित एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) को शुक्रवार सुबह एटा से गिरफ्तार किया था। पुलिसकर्मी तड़के छह बजे इंदौर पहुंचे और एमजी रोड पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान राठौर ने कहा कि सारी गड़बड़ी का ठीकरा उस पर फोड़ना गलत है। घोटाले में तो सभी मिलें हैं।
फाइल जोन से चलती है और चेक शाखा में रुकती है। शुरुआत से लेकर अंत तक कमीशन बंधा है। जिन मामलों में मुझे मुलजिम बनाया वो भी सिस्टम से चली है। राठौर ने कहा कि घोटाला सैंकड़ों करोड़ रुपये का है। गुप्ता का नाम लिया और कहा कि उसके पास 45 करोड़ रुपये के घोटाले की फाइल है। ठीक से जांच हुई तो सामने आ जाएगा।
राठौर कायमी के दो दिन पूर्व भी अफसरों के पास पहुंचा था। 62 लोगों की सूची देकर कहा था कि सबकी जांच होना चाहिए। नगर निगम से सैकड़ों करोड़ रुपये डकार गए। गुप्ता नामक अधिकारी का नाम लिया और दावा किया कि उसने भी 45 करोड़ रुपये की गड़बड़ी की है। गुप्ता से पोस्टिंग को लेकर विवाद हुआ था। पहले उसने आर्थिक अपराध ब्यूरो (ईओडबल्यू) में फंसाया। बाद में लोकायुक्त और पुलिस को शिकायत कर दी। आडिट विभाग में सबसे ज्यादा लेनदेन राठौर ने जोन,लेखा,वित्त और आडिट शाखा के कर्मचारी और अधिकारियों को भ्रष्ट बताया है। कहा कि जोन से लेकर शाखा तक 15 प्रतिशत कमीशन देना पड़ता है। सबसे ज्यादा आडिट शाखा में रुपया बंटता है।
पुलिस अब आडिट विभाग वालों की भूमिका की जांच कर रही है। दो फरार ठेकेदार मौसम व्यास और इमरान खान की भी तलाश जारी है।
नया नंबर लेते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा राठौर
जोन-3 के डीसीपी पंकज पांडे के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। पुलिसकर्मियों को तीन दिन पूर्व नया नंबर मिला जो उसने हाल ही में चालू किया था। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने रिश्तेदार अभिषेक सिसोदिया को पकड़ा। इसके बाद निपानिया स्थित एक बड़ी इमारत से भानजे भूपेंद्र को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में एटा के शैलेंद्रसिंह उर्फ शैलू की जानकारी मिली जो राठौर के भतीजे जय का ससुर है। पुलिसकर्मियों ने शुक्रवार को छापा मारा और गिरफ्तार कर लिया।