तैयारी पूरी, सोमवार को केंद्र पर रहेगा मतदाताओं का इंतजार

-उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के लिए 13 मई को होगा मतदान

 

-2097 मतदान केंद्रो पर प्रातः 7:00 से शाम 6:00 तक 11 घंटे चलेगा मतदान

 

उज्जैन। लोकसभा निर्वाचन 2024 के चौथे चरण में संसदीय क्षेत्र उज्जैन आलोट के लिए 13 मई को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों में पर्याप्त छाया, पेयजल आदि की व्यवस्था की गई। अधिक मतदाता वाले केन्द्रों में अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है ताकि मतदाताओं को अपनी बारी आने के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े। उज्जैन संसदीय क्षेत्र में 9 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के अन्तर्गत उज्जैन संसदीय क्षेत्र में 2097 मतदान केंद्रों पर मतदान किया जाएगा। जिले में अभी 266 और आलोट में 59 क्रिटिकल मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। इन केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर द्वारा निगरानी की जाएगी। 2097 मतदान केंद्रों के लिए कुल 240 सेक्टर ऑफिसर बनाए गए हैं। लगभग 1105 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी की जाएगी।  उज्जैन संसदीय क्षेत्र में लगभग 9318 कर्मचारी मतदान के लिए उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 240 सेक्टर ऑफिसर्स, 342 माइक्रो आब्जर्वर,1844 विशेष पुलिस अधिकारी मिलकर निर्वाचन कराएंगे। मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी केन्द्रों में छाया के लिए टेंट, मतदाताओं के बैठने के लिए कुर्सियों, की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध रहेगा।

 

किस विधानसभा में कितने मतदान केंद्र-

संसदीय क्षेत्र में कुल 315 क्रिटिकल मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। इन मतदान केन्द्रों में सीसीटी एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतदान केन्द्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध रहेगा।

विधानसभा क्षेत्र           मतदान केंद्र          क्रिटिकल

नागदा खाचरोद            273               31

महिदपुर                    262               32

तराना                        238               29

घट्टिया                      279               40

उज्जैन उत्तर              266               55

उज्जैन दक्षिण            294                50

बड़नगर                  232                 29

आलोट                   253                 49

स्त्रोत- जिला निर्वाचन कार्यालय,उज्जैन

 

367 पोलिंग बूथ महिला कर्मी करेंगी संचालित-

 

367  ऐसे मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनका पूरी तरह संचालन महिला कर्मी करेंगी। जिसमें उज्जैन के 347 और आलोट के 20 मतदान केंद्र शामिल है। इन पोलिंग बूथ में केवल महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 105 आदर्श मतदान केंद्र बनाएं गए हैं।

 

 

3000 से अधिक का सुरक्षा बल , 1844 विशेष पुलिस अधिकारी-

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया हैं। सीएपीएफ के 300 जवान, एसएएफ के 450,  होमगार्ड के जवान 1221, 1175 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, 236 सहायक पुलिस निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाएं गए है। 1844 को विशेष पुलिस अधिकारी भी बनाया गया है।

 

1798704 मतदाता –

 

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि आलोट विधानसभा सहित उज्जैन संसदीय क्षेत्र में 23 अप्रैल 2024 की स्थिति में 1772734 मतदाता हैं, जिसमें 907231 पुरुष, 891395 महिलाएं एवं 78 अन्य शामिल हैं। उज्जैन के मतदाताओं जेंडर रेशों 984 है और सर्विस वोटर की संख्या 1535 हैं। जिनमे 1483 मतदाताओं के द्वारा घर पहुंच मतदान सुविधा का लाभ उठाते हुए मतदान किया जा चुका हैं।