April 26, 2024
उज्जैन। मई के दूसरे सप्ताह ने भीषण गर्मी का एहसास करा दिया है। अधिकतम तापमान के बाद शनिवार-रविवार सीजन की सबसे गर्म रात गुजरी। रविवार दिन में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलती रही।
अप्रैल माह बारिश ओलावृष्टि के बीच गुजरने के बाद मई माह का प्रथम सप्ताह भी सामान्य तापमान के बीच गुजरा था लेकिन अब सूरज की तपन झुलसा देने वाली साबित हो रही है। तापमान 4 दिनों से 40 डिग्री के पार बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के करीब दर्ज हुआ। इस बीच शाम की आद्रता का प्रतिशत 16 रह गया था। सुबह की आद्रता 46 प्रतिशत दर्ज की गई थी। अधिकतम तापमान में आ रही तेजी के साथ ही अब रात भी काफी गर्म होने लगी है शनिवार-रविवार रात न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पहुंच गया था। जो सीजन का सबसे अधिक होना सामने आया है। सुबह 11 बजे बाद ही सूरज के तेवर कड़क हो चुके थे। 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा दोपहर 2 बजे बाद 12 किलोमीटर प्रति घंटे की हो गई। हवा में काफ गर्माहट थी जिससे वाहन चलाना मुसीबत भरा हो चुका था। दो पहिया वाहन चालकों को गर्म हवा की वजह से झुलसने का एहसास हो रहा था। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ राजेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार आसमान पूरी तरह से साफ हो चुका है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी तेजी आएगी। 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। जिस तरह से रविवार को हवा की रफ्तार 12 किलोमीटर की सामने आई है उससे आगामी दिनों में लू चलने का खतरा भी बढ़ गया है।