1844 केंद्रों में से 347 पर केवल महिलाएं कर्मी मतदान कराएंगी

 

-रिजर्व सहित 2028 मतदान दलों को मतदान केंद्र आवंटित , थर्ड रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूर्ण

 

उज्जैन। जिले में आगामी लोकसभा निर्वाचन में कुल 8206 कर्मचारी मतदान संपन्न कराएंगे।  जिले में 2028 मतदान दल बनाएं गए हैं, जिन्हें  7 विधान सभाओं के कुल 1844 मतदान केंद्रो का आवंटन किया गया है। जिले के 1844 मतदान केंद्रों में से 347 मतदान केंद्रो पर केवल महिलाएं और 456 मतदान केंद्रों पर दो पुरुष और दो महिलाएं मतदान कराएंगे। साथ ही 184 मतदान दल रिजर्व रखे गए हैं।

कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एनआईसी में शनिवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीरज कुमार सिंह एवं निर्वाचन प्रेक्षक सुश्री ज्योति यादव की उपस्थिति में ईएमएस पोर्टल के माध्यम से मतदान दलों का थर्ड रेंडमाईजेशन किया गया। इस रेंडमाइजेशन के द्वारा लोकसभा निर्वाचन के लिए अधिकारियों ,कर्मचारियों एवं 293 माइक्रो ऑब्जर्वर के रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूर्ण हुई।  जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी धर्मेंद्र जैन द्वारा पोर्टल पर रेंडमाइजेशन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में मतदान प्रक्रिया को पूर्ण रूप से पारदर्शी एवं निष्पक्षता से कराने के लिए रेंडमाइजेशन किया गया है। रेंडमाइजेशन की इस प्रक्रिया से मतदान दलों को विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र आवंटित किये गए हैं। लोकसभा निर्वाचन में सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऑल वुमेन मैनेज पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं। जहां केवल महिला मतदान कर्मियों की ड्यूटी रहेगी।