इंदौर नगर निगम में सवा सौ करोड़ के घोटाला मामले में पुलिस छापे, दो आरोपियों के ठिकाने पर सर्चिंग कर रही पुलिस

इंदौर। नगर निगम में करीबन सवा सौ करोड़ रुपए के फर्जी बिल घोटाले में पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। रविवार सुबह पुलिस ने अपटाउन निपानिया में मामले के एक आरोपी राहुल वडेरा के यहां दबिश दी है। मदीना नगर स्थित मोहम्मद सिद्दीकी के घर भी पुलिस पहुंची है। नगर निगम के अधिकारी भी साथ हैं। टीम दोनों जगह पर सर्चिंग कर रही है।
गौरतलब है कि 28 करोड रुपए की जांच से शुरू हुआ इंदौर नगर निगम घोटाला लगातार बढ़ता जा रहा है। अभी तक करीबन सवा सौ करोड रुपए से अधिक का भ्रष्टाचार सामने आ चुका है। इस बीच पुलिस को आशंका है कि फरार आरोपी विदेश भाग सकते हैं, इसलिए लुकआउट नोटिस जारी करवाया जा रहा है।

पुलिस नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों पर शिकंजा कस रही है। लेखा, ड्रेनेज और आडिट विभाग वालों से पूछताछ चल रही है। इंजीनियर स्तर के अधिकारियों पर शक है।
डीसीपी जोन-3 पंकज पांडे के अनुसार घोटाले में दर्ज तीन प्रकरण पुलिस ने स्वयं ढूंढे है। इन प्रकरणों में भी पूर्व में दर्ज 28 करोड़ रुपये के घोटाले की तरह 21 करोड़ रुपये लिए गए हैं। पुलिस अब आरोपित मोहम्मद सिद्दीक, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद साजीद, रेणु बढ़ेरा और राहुल बढ़ेरा के साथ-साथ अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका देख रही है।