ठगोरा बिल्डर संदीप रमतानी — भाग 5, भाभी भी निकली धोखेबाज , फ्लैट ही नहीं प्लाट भी बेच दिया दोबारा

 

भोपाल। राजधानी के ठगोरे बिल्डर संदीप रमतानी ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। बेचे गए प्लाट दोबारा भी बेच दिए गए। बिल्डर रमतानी द्वारा योगेश सूद के फ्लैट को दोबारा बेच देने की धोखाधड़ी के बाद ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। इसमें खुद संदीप रमतानी, भाभी वर्षा रमतानी और मोहिनी रमतानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ है।
दैनिक ब्रह्मास्त्र ने पहले भी लिखा है कि संदीप रमतानी ने ऐसा खेल खेला कि अपने परिवार के लोगों को भी भू माफिया बना दिया। पत्नी संगीता रमतानी के खिलाफ भी मामले बताए जाते हैं। गौरतलब है कि कोलार क्षेत्र के बैरागढ़ चीचली में प्लाट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने जांच के बाद धोखेबाज बिल्डर संदीप रमतानी, वर्षा रमतानी और मोहिनी रमतानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पीएचई कॉलोनी ग्राम वीरपुर जिला सीहोर निवासी भागवत सिंह जायसवाल की 8 अक्टूबर 2022 को बिल्डर संदीप रमतानी और वर्षा रमतानी से मुलाकात हुई थी।

9 लाख में बेचा प्लाट

संदीप रमतानी का कहना था कि बैरागढ़ चीचली के अंशुल विहार में उनका बिकाऊ प्लाट है। उनके बीच प्लाट का सौदा 9 लाख रुपये में तय हुआ। अनुबंध कर भागवत ने वर्षा, संदीप व मोहिनी को साढे़ तीन लाख रुपए दे दिए थे। यह प्लाट आकांक्षा गृह निर्माण समिति के तहत आता है। फरियादी भागवत सिंह जायसवाल जब समिति के दफ्तर पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि यह प्लाट तो वर्षा रमतानी पहले ही दूसरे को बेच चुकी है। दरअसल, बिल्डर संदीप रमतानी की ठगी के शिकार एक के बाद एक मामले सामने आते नजर आ रहे हैं।