April 30, 2024

ब्रह्मास्त्र दुर्ग

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक बस के खदान में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई है और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के करीब मुरम (लाल मिट्टी) की 50 फीट गहरी एक खदान में बस के गिरने से वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई है और करीब15 अन्य लोग जख्मी हो गए।

उन्होंने बताया कि कुम्हारी क्षेत्र में स्थित केडिया डिस्टिलरीज की बस कर्मचारियों को लेकर निकली थी और बस में लगभग 45 कर्मचारी सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब बस खपरी गांव के करीब पहुंची और अनियंत्रित होकर मुरम खदान में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया है तथा खदान से बस को निकालने की कोशिश की जा रही है।
डिप्टी उट विजय शर्मा ने घायलों से मुलाकात के बाद हादसे के संबंध में कहा कि जो बस हादसे की शिकार हुई है, उसकी हेडलाइन नहीं जल रही थी। इसी कारण बस के ड्राइवर को रास्ता नहीं दिखा और बस हादसे की शिकार हो गई। उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

दुर्ग के एसपी जितेंद्र शुक्ला के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में करीब 45 लोग सवार थे। ड्राइवर के नियंत्रण खोने के बाद बस मुरम खदान में जा गिरी। उन्होंने बताया कि हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। बस में सवार सभी लोग डिस्टलरी कंपनी में काम के बाद घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना के बाद घायलों को खदान से निकालकर रायपुर और भिलाई के अस्पतालों में एडमिट कराया गया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। साय ने एक्स पर लिखा, ह्यदुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।