April 28, 2024

दैनिक अवन्तिका ब्रह्मास्त्र उज्जैन  खुसूर-फुसूर  जहां – जहां कांग्रेसियों के पांव वहां-वहां…

कांग्रेस मुक्त भारत के सपने के तहत भाजपा कांग्रेस से आने वालों का दिल खोल कर स्वागत कर रही है। रोज अनेकानेक कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। अब तो यह तय करना मुश्किल होता जा रहा है कि किस मंडल में मूल भाजपा के ज्यादा या कांग्रेस से कंवर्ट होकर भाजपा में आने वाले ज्यादा । अब भाजपा की निती के तहत जब आ ही गए हैं तो कांग्रेस की तर्ज पर काम भी शुरू हो गए हैं। ऐसे एक नहीं अनेक काम प्रदेश में सामने आ रहे हैं बंद कमरों से बाहर आ रही बातों के तहत भाजपाई अब भाजपाईयों को निपटाने का काम करने लगे हैं। इनके पीछे की कहानी भी सामने आने पर यह भी सामने आ रहा है कि कांग्रेस से भाजपा में आए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को लेकर ही भाजपाई आपस में भिडने लगे हैं। उज्जैन ही नहीं इंदौर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में कई भाजपाईयों में कांग्रेसियों को अंदर लाने और नहीं लाने के मामले में जमकर खींचतान मची हुई है। यहां तक की आपस में कुटनीति भी शुरू हो चुकी है। राजनीति के जानकारों में खुसूर-फुसूर है कि भाजपा में जा रहे कांग्रेसी राजनीति ही नहीं कुटनीति से भी भरपुर हैं। तमाम प्रकार की कार्रवाई से मुक्त होने के लिए वे भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के सपने को साकार करने जा रहे हैं। भाजपा के दल में ही आपसी बवाल करवा रहे हैं। आने वाले समय में मूल पर यह सूद भारी हो सकता है और मूल से ज्यादा सूद प्यारा भी हो सकता है।