April 27, 2024

दैनिक अवंतिका उज्जैन। होली से पहले लगने वाले होलाष्टक में मांगलिक कार्य आदि बंद रहेंगे लेकिन लोग बाजार से खरीदारी कर सकेंगे। इसके लिए 24 मार्च तक शुभ मुहूर्त आ रहे हैं। होलाष्टक में खरीदी करने में कोई बाधा नहीं है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि होली से पहले चार दिन खरीदारी के लिए शुभ दिन आ रहे हैं। होलाष्टक आठ दिनों का रहेगा। लेकिन इसमें हर दूसरा दिन खरीदी के लिए शुभ होगा। धर्म-शास्त्र में कही भी उल्लेख नहीं कि होलाष्टक में खरीदी नहीं करते मान्यता है कि इन दिनों में कोई शुभ या मांगलिक काम नहीं होते, लेकिन खरीदारी नहीं करने को लेकर धर्म-शास्त्रों में कही भी मना नहीं किया गया है। होलाष्टक में आने वाले कुछ दिन शुभ तिथि और नक्षत्र के साथ विशेष संंयोग में रहेंगे जिनमें खरीदारी करने में कोई नुकसान नहीं है। इस दौरान प्रॉपर्टी, व्हीकल समेत हर तरह की जरूरी चीजों की खरीदी की जा सकती है। खरीदारी करने से कोई दोष नहीं लगता है।जाने कब-कब रहेगा खरीदी का खास दिन व शुभ मुहूर्त – खरीदी के मुहूर्त तो 21 मार्च से ही शुरू हो गए। 22 मार्च को द्वादशी और त्रयोदशी तिथि के संयोग में मुहूर्त है। इन दो दिनों में चंद्रमा अश्लेषा, मघा और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्रों में रहेगा। इन तिथि, वार और नक्षत्रों में प्रॉपर्टी में निवेश शुभ है। – 23 मार्च को सूर्य और चंद्रमा के नक्षत्रों के संयोग से रवि योग बन रहा है। यह योग हर तरह की खरीदारी के लिए शुभ माना जाता है। – 24 मार्च को सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा। यह योग भी हर तरह की खरीदारी और निवेश के लिए शुभ माना जाता है।