महेश्वर में महिलाओं को ई रिक्शा चलाने के प्रशिक्षण तथा स्ट्रीट वेन्डर प्रशिक्षण की पहल

महेश्वर। शनिवार को जिला प्रशासन खरगोन, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं वसुधा विकास संस्थान द्वारा संचालित महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत संकुल धार के पर्यटन स्थल महेश्वर में गतिविधि जारी है। इसी के तहत देवी अहिल्याबाई के किला के अंतर्गत नर्मदा घाट पर महिलाओं को स्ट्रीट वेन्डर के लिए प्रशिक्षण तथा ई रिक्शा प्रशिक्षण का शुभारंभ 03 फरवरी को किया गया। महिलाओं के लिए यह अनूठी पहल की गई है। इसमें 20 महिलाए ई रिक्शा तथा 20 महिलाएं स्ट्रीट वेन्डर ने प्रशिक्षण के लिए भाग लिया। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाये ई रिक्शा चालक तथा स्ट्रीट वेन्डर के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रशिक्षित महिलाएं महेश्वर में आने वाले पर्यटकों को ई रिक्शा से महेश्वर की सैर कराएंगी तथा स्ट्रीट वेन्डर का प्रशिक्षण ले रही महिलाये मां नर्मदा व मां अहिल्या के घाट पर तरह तरह के सामान का विक्रय कर अपनी आजीविका चलाएंगी।

शुभांरभ समारोह में मुख्य अतिथि पुरातत्व एवं पर्यटन विभाग से श्री नीरज अमझेरे, पुलिस विभाग से महेश्वर एस मआई श्रीमती प्रियंका तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा यह बहुत ही अनोखी पहल की जा रही है। महेश्वर में यह महिलाओं के लिए ई रिक्शा प्रशिक्षण एक बहुत ही बड़ी उपलब्धि होंगी। इससे उन्हें रोजगार भी मिलेगा। साथ ही जो भी महिला पर्यटक अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में घूमने आएगी वे महिला ई रिक्शा चालक के साथ नर्मदा घाट तथा अन्य पर्यटन स्थल का बिना डरे व सुरक्षित महसूस करते हुए दर्शन कर पाएगी। महिलाओं को ई रिक्शा चालक का प्रशिक्षण बहुत महत्वपूर्ण है। इससे वे पर्यटकों को नर्मदा घाट के दर्शन के साथ महेश्वर का इतिहास भी बता पाएगी। आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट एवं ई रिक्शा संचालक का काम भी करते हुए दिखाई दे सकती है। ये महिलाएं गाइड का रोल भी निभा सकेगी। ई रिक्शा की तकनीकी खराबी को सुधार के बारे में जानकारी दी जाएगी।

महिलाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है। जहां वे अपने निकट इस तरह का पहली बार महेश्वर में ई रिक्शा चालक बनने का प्रशिक्षण लेने जा रही है। जो भविष्य में महिला पर्यटकों को ई रिक्शा के माध्यम से नर्मदा घाट के दर्शन करा पाएगी। परियोजना के अंतर्गत महिलाओं को ई रिक्शा तथा स्ट्रीट वेन्डर प्रशिक्षण में तकनीकों के बारे में जानकारी देने के साथ ही उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर क्राइम, इंटरनेट सेफ्टी, महिला हेल्प लाइन, महिला डेस्क, वन स्टॉप सेंटर आदि के बारे में जागरूक करने के लिए सत्र आयोजित किए जाएंगे। वसुधा विकास संस्थान से संकुल समन्वयक सुश्री अनीता शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इसी आयोजन में पूर्व में महिला नाविक का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने भी अपनी भागीदारी की।

रिपोर्ट दीपक सिंह तोमर