डाक टिकटों से जानेंगे भारतवर्ष का  इतिहास, 28, 29 नवंबर को प्रदर्शनी

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
भारतीय डाक विभाग मालवा संभाग उज्जैन द्वारा जिला स्तरीय फिलाटेली प्रदर्शनी अवंतिकापेक्स-2023 का आयोजन 28 एवं 29 नवंबर को उज्जैन के महाकाल परिसर, अरविंद नगर, कोयला फाटक के पास किया जा रहा है। प्रदर्शनी में भारतीय डाक विभाग के द्वारा डाक टिकटों के माध्यम से भारतवर्ष के इतिहास में वैज्ञानिक, महान नेता, देश की सांस्कृतिक विरासत, कलात्मक गतिविधियों एवं जीव-जंतुओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।  डाक टिकट संग्रह जिसे किंग ऑफ हॉबीज कहा जाता है के बारे में दिलचस्प जानकारी इस प्रदर्शनी में मिलेगी जो कि छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगी। उनके मानसिक एवं संपूर्ण विकास में भी यह योगदान देगी। प्रदर्शनी में प्रवेश पूर्ण रूप से नि:शुल्क रहेगा। यह जानकारी देते हुए प्रवर अधीक्षक डाकघर मालवा संभाग उज्जैन एसके ठाकरे ने बताया फिलाटेली प्रदर्शनी के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रदर्शनी स्थल पर किया जाएगा। स्टैंप डिजाइन प्रतियोगिता 28 नवंबर को दोपहर 3 से 4 बजे तक कक्षा 1 से 5, 6 से 8 और 9 से 12 वीं तक के लिए डिजिटल इंडिया विषय पर होगा। क्विज प्रतियोगिता शाम 4 से 5 बजे के बीच कक्षा 5 से 8 व 9 से 12 वीं तक के लिए मध्य प्रदेश सामान्य ज्ञान, फिलाटेली एवं डाक विभाग की सामान्य जानकारी से संबंधित प्रश्नोत्तरी पर होगी। पत्र लेखन प्रतियोगिता 29 नवंबर को दोपहर 2 से 3 बजे तक कक्षा 5 से 8 व 9 से 12 वीं के लिए मेरी नजर में 2047 का भारत विषय पर होगी। प्रदर्शनी सुबह 10 से रात 8 बजे तक खुली रहेगी। प्रतियोगिता के लिए विभिन्न विद्यालयों से प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी है। यदि कोई विद्यार्थी इसके बावजूद इसमें भाग लेना चाहता है तो वह प्रदर्शनी स्थल पर विद्यालय का पहचान पत्र लेकर उपस्थित हो सकता है। बच्चों को कई सरप्राइज उपहार दिए जाएंगे व लकी ड्रा भी निकाला जाएगा।