प्रदेश में बिजली गिरने से दंपति सहित 4 की मौत…मालवा-निमाड़ में जमकर गिरा मावठा कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज वर्षा

इंदौर/ उज्जैन। पश्चिमी विक्षोम के चलते मालवा- निमाड़ अंचल में रविवार को दोपहर बाद शुरू हुई तेज वर्षा तो कहीं बूंदाबांदी आज सोमवार को भी जारी है। बूंदों ने अंचल में ठंडक बढ़ा दी है। बारिश यदि थम भी जाएगी तो अब ठंड और तेज बढ़ाने के आसार हैं। कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। कहीं आज सुबह तक भी रिमझिम वर्षा जारी है।

उज्जैन- रतलाम सबसे ठंडे, तापमान में 5.4 डिग्री की गिरावट..

मध्यप्रदेश में सीजन का पहला मावठा गिर रहा है। रविवार-सोमवार की रात दो बजे से भोपाल, नर्मदापुरम समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। रविवार को मालवा-निमाड़ के इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, धार, नीमच और झाबुआ समेत कई जिलों में बारिश हुई, जबकि भोपाल समेत कई जगह बादल छाए रहे। इससे दिन में ठंडक बढ़ गई। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने से दंपती समेत 4 लोगों की मौत हो गई। रविवार को रतलाम और उज्जैन सबसे ठंडे रहे। यहां तापमान में 5.4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

कई इलाकों में दोपहर में ही अंधेरा छा गया। इससे चालकों को वाहनों की बत्ती जलानी पड़ी। वर्षा के चलते कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। 27 व 28 नवंबर को भी बादल छाए रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। 29 नवंबर से मौसम साफ होने के बाद ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा। इधर धार जिले में वर्षा के दौरान बिजली गिरने से दो और आलीराजपुर जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने पहले ही मौसम परिवर्तन के साथ वर्षा का अनुमान जताया था। रविवार दोपहर मावठे की पहली जोरदार वर्षा से अंचल तरबतर हो गया। रतलाम जिले में कहीं-कहीं तेज वर्षा से सड़कों पर पानी बह निकला, वहीं जलजमाव की स्थिति भी निर्मित हो गई। किसानों के अनुसार मौसम बदलने से रबी सीजन की प्रमुख गेहूं-चना फसल को लाभ होगा। मंदसौर में रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहने एवं हल्की हवा चलने से दिन में ठंड का असर भी रहा। दोपहर तीन बजे से हल्की वर्षा भी हुई, जिससे सड़कें भीग गईं। दोपहर के तापमान में 24 घंटे में चार डिग्री की गिरावट हुई है। वहीं रात का तापमान भी करीब आधा डिग्री कम हुआ। बुरहानपुर दिनभर बादलों का डेरा रहा, लेकिन वर्षा नहीं हुई है। हवा की गुणवत्ता 66 एक्यूआइ दर्ज की गई है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खराब बताई जा रही है। बड़वानी जिले में रविवार को मौसम में बदलाव आया। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में रविवार दोपहर बाद वर्षा हुई। क्षेत्र में सुबह से काले बादल छाए थे। ठंडी हवा चलने के बाद दोपहर 2.30 बजे बाद वर्षा हुई। धार जिले के आदिवासी अंचल के ग्राम डही में रविवार दोपहर में कुछ देर के लिए तेज वर्षा हुई है। अंचल के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी का समाचार मिला है।

रानापुर में ओले गिरे…

झाबुआ में दोपहर में करीब आधा घंटा तेज वर्षा का दौर चला। जिले के रानापुर में कुछ देर के लिए ओले भी गिरे। देवास में बूंदाबांदी हुई। खरगोन जिले में रविवार को दोपहर तीन बजे तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद गरज के साथ तेज वर्षा शुरू हो गई। वर्षा से सड़कों पर पानी बह निकला। शाम तक वर्षा जारी थी। नीमच जिले में दोपहर बाद लगभग चार बजे वर्षा शुरू हुई। इसके साथ ही बिजली बंद हो गई। कई ग्रामों में शाम सात बजे तक भी बिजली नहीं आई थी। इससे सबसे ज्यादा विवाह आदि मांगलिक कार्य प्रभावित हुए। खंडवा और शाजापुर जिले में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई।

वर्षा से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे, बिजली गिरी, दंपती की मौत…

धार जिले के उमरबन चौकी क्षेत्र के ग्राम करौंदिया में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। मुकेश और चंपा नमक दंपति की मौत हुई है। तेज वर्षा के दौरान एक पेड़ के नीचे खड़े थे, इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। वहीं आलीराजपुर जिले के जामली में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।