सलाखों में पहुंचा किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाला सचिव

उज्जैन। सेवा सहकारी संस्था मर्यादित ग्राम लेकोड़ा का सचिव धोखाधड़ी के मामले में जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया है। सचिव के खिलाफ चिंतामण गणेश थाना पुलिस ने धारा 420, 409 का प्रकरण दर्ज किया था।
चिंतामण गणेश थाना पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों केन्द्रीय सहकारी बैंक प्रबंधक राजेश कुशवाह की शिकायत पर सेवा सहकारी संस्था मर्यादित ग्राम लेकोड़ा के सचिव निशिकांत चव्हान के खिलाफ छह किसानों के साथ 9.50 लाख की धोखाधड़ी करने का प्रकरण दर्ज किया था। सचिव की तलाश में उसके घर आर्दशनगर और ससुराल अतिरिक्त विश्वबैंक कालोनी में दबिश दी गई थी। 2 दिन पहले आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिये 2 दिनों की रिमांड पर लिया गया था। सचिव निशिकांत की निशानदेही पर धोखाधड़ी की राशि 4.50 लाख रूपये बरामद की गई। शेष राशि खर्च करना सामने आया है। शुक्रवार को रिमांड खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ की सलाखों के पीछे भेजा गया है। गौरतलब हो कि 15 दिन पहले सामने आया था कि सचिव किसानों को क्रेडिट कार्ड पर लोन की राशि दिलवाने और जमा करने का काम करता था। सालों से एक ही संस्था में पदस्थ सचिव ने किसानों का भरोसा जीत लिया था। वह किसानों को लोन तो दिलवाता था, लेकिन उनके द्वारा लोन की जमा करने को दी जाने वाली राशि जमा नहीं कर अपने  पास रख लेता था और फर्जी जमा रसीद किसानों को थमा देता था। उसने सैकड़ो किसानों के साथ धोखाधड़ी कर करोड़ो का गबन किया है। जिसकी जांच केन्द्रीय सहकारी बैंक द्वारा की जा रही है। किसानों के साथ हुई धोखाधड़ी के बाद मामले ने जमकर तूल पकड़ा था और केन्द्रीय सहकारी बैंक के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया गया था।