मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भाजपा  नेताओं और पुलिस के बीच झड़प

 
– नारेबाजी के बाद वरिष्ठ नेताओं ने मामला शांत कराया
– रोजगार दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज 
दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

उज्जैन में शुक्रवार को आयोजित रोजगार दिवस समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आने से पहले यहां भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

दरअसल कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। हर आने-जाने वाले से पुलिस पूछताछ कर रही थी। इस बीच पंडाल में प्रवेश को लेकर बीजेपी के मंडल अध्यक्ष परेश कुलकर्णी व उनके साथ आए कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच विवाद व झूमा झटकी हो गई। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी जानकारी लगने पर वरिष्ठ नेताओं ने मौके पर आकर मामला शांत कराया। मुख्यमंत्री ने यहां आते से ही सबसे पहले रोजगार दिवस पर 42 क्लस्टर उद्योग का लोकार्पण और भूमि पूजन कर उज्जैन शहर को भी कई सौगात दी। 

मप्र में 500 से ज्यादा उद्योग स्थापित 

होंगे, 43 इकाइयों का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री ने यहां पूरे राज्य में 15 एमएसएमई क्लस्टर का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। प्रदेश भर में 1708 एमएसएमई इकाइयों और 10 से 50 करोड़ की निवेश वाली 43 इकाइयों का लोकार्पण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य स्तर पर 552 उद्योगों की स्‍थापना होगी। इनमें 28300 लोगों को रोजगार मिलेगा। जिन 1708 इकाइयों का आज लोकार्पण हुआ है, उसमें लगभग 16,375 लोगों को रोजगार मिलेगा।

समय कम होने से महाकाल मंदिर के 

अन्नक्षेत्र का लोकार्पण नहीं कर पाए 

मुख्यमंत्री के लेट होने से कई कार्यक्रम रह गए। वे महाकाल मंदिर समिति के अन्नक्षेत्र का लोकार्पण भी नहीं कर पाए। मंच से उन्होंने कहा कि वे जल्द ही अन्न क्षेत्र के लोकार्पण के लिए आएंगे। मुख्यमंत्री ने महाकाल के भक्तों की सुविधा के लिए 15 करोड़ की लागत से बनने वाले फैसिलिटी सेंटर की सौगात भी दी है।

शिवराज बोले – कांग्रेसी बड़े परेशान है

महाकाल लोक में भी आरोप लगा दिए

उज्जैन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजनैतिक बयान में कहा कि कांग्रेसी इन दिनों बड़े परेशान हैं। महाकाल लोक में भी आरोप लगा दिए। गड़बड़ होती तो महाकाल महाराज भस्म कर देते, छोड़ेंगे क्या? कम से कम मंदिर तो छोड़ दो। झूठे आरोप लगाते रहते हैं। जलने वाले जलें, हम रुकने वाले नहीं। महाकाल लोक के दूसरे चरण का भी लोकार्पण धूमधाम से होगा। हमारी अवंतिका नगरी तीन लोक से न्यारी होगी। कांग्रेस के जमाने में कमलनाथ से 25-50 हजार का भी काम मांग लो तो वे रोते रहते थे।