500 करोड़ रुपए से बनेगा 16 मंजिला महाकाल  का भक्त निवास, मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन

 
– देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी रुकने की सुविधा, 2 हजार से ज्यादा कमरे होंगे
दैनिक अवंतिका उज्जैन।  
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति का महाकाल भक्त निवास 500 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार होगा। इसका भूमिपूजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन आकर किया। 
हरि फ़ाटक ब्रिज मार्ग पर बनने वाले इस भक्त निवास में 2 हजार से अधिक कमरे होंगे जहां देशभर से महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को रुकने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसका विधिवत भूमि पूजन। पूजन कार्य पंडितों के समूह मंत्रोच्चार कर संपन्न करवाया। भक्त निवास के निर्माण हेतु कुल 18.65 एकड़ जमीन सुरक्षित रखी गई है जहां पर 16 मंजिला भवन तैयार होगा जिसमें विशाल पार्किंग आदि की सुविधा रहेगी। 24 मीटर रोड, वॉकवे, पोडियम गार्डन का भी निर्माण किया जाएगा। यह जीरो वेस्ट परिसर के रूप में विकसित होगा। इस अवसर पर मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, महापौर मुकेश टटवाल, महाकाल मंदिर समिति सदस्य एवं पुजारी राम शर्मा, मंदिर प्रशासक संदीप सोनी प्रमुख रूप से मौजूद थे।
मन्नत गार्डन की पार्किंग के साथ ही 
करोड़ों की योजनाओं की शुरुआत
मुख्यमंत्री शिवराज ने यहां आयोजित कार्यक्रम में मन्नत गार्डन की विशाल पार्किंग की लोकार्पण करने के साथ ही एक ही जगह से करोड़ों रुपए की विभिन्न योजनाओं का भी शुभारंभ किया। आने वाले समय में हजारों लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा। 
पानी नहीं होता तो हाहाकार मचता
महाकाल महाराज ने लाज रख ली
मंच पर आते ही मुख्यमंत्री शिवराज ने यहां पंडाल में मौजूद आम जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री होकर स्वीकार करता हूं कि पानी नही गिरता तो पूरे प्रदेश में हाहाकार ही मच जाता। 15 दिन पहले क्या हालत थी आप सब जानते हैं। किसान भी  परेशान हो रहे थे। लेकिन हमने विद्वानों से राय ली और उज्जैन आकर भगवान महाकाल जी का अभिषेक-पूजन कर प्रार्थना की तो जल के रूप में उनकी कृपा बरसी। बाबा महाकाल ने हमको किसानों को प्रदेश की नौ करोड़ जनता को बचा लिया। उज्जैन का नाम लेते ही मेरा रोम-रोम पुलकित हो जाता है। यह ध्यान, अध्यात्म का बड़ा केंद्र है। मैं यहां भक्ति-भाव से ओतप्रोत हो जाता हूं। महाकाल महाराज की कृपा सब पर बनी रहे। मैं जल्द ही वापस आऊंगा और बहुत सारे लोकार्पण, भूमि पूजन करूंगा। हमारे पास पैसे की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री लेट आए, लाड़ली बहनें 
चली गई, मीडिया से भी नहीं मिले
मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे। वे भोपाल से लेट निकले थे। इधर पंडाल में सुबह से मुख्यमंत्री का इंतजार कर रही लाड़ली बहने गरमी से परेशान हो गई और थक कर वे चली गई। कई बहनों को अधिकारियों ने रुकने का निवेदन भी किया लेकिन वे नहीं मानी और मैजिक-ऑटो में बैठकर निकल गई। लेकिन मुख्यमंत्री ने मंच से बहनों को घोषणा कर खुश कर दिया। मुख्यमंत्री बोले – अब मेरी बहनों को 1250 रुपए मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मीडियाकर्मियों से भी नहीं मिले। उन्होंने कहा कि देरी हो रही है। समय कम है आगे जाना है। फिर मिलेंगे। 
–