आप के दावे को खारिज किया अश्विन जोशी ने

रानी को दिया जवाब-मेरा नाम कांग्रेस के सर्वे में टॉप पर

इंदौर। कांग्रेस की सियासत को यह खबर गर्मा सकती है। इंदौर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और तीन बार के विधायक रहे अश्विन जोशी आम आदमी पार्टी के संपर्क में बताए गए हैं। यह दावा पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष और सिंगरौली मेयर रानी अग्रवाल ने खुद किया है। एक सवाल के जवाब में अग्रवाल ने कहा कि पार्टी में आने का सिलसिला जारी है। अश्विन जोशी से बातचीत चल रही है। इधर, मामला वायरल होते ही जोशी ने वीडियो जारी कर कहा है कि मैं कांग्रेस के साथ हूं। पांच बार से टिकट मिलने की बातें फिजूल की जा रही है। मेरा नाम इस बार भी सर्वे में सबसे ऊपर है। कोई कितनी बार भी चुनाव लड़ सकता है। कुछ लोग साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथजी के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है।
ध्यान रहे कि अश्विन जोशी पूर्व मंत्री महेश जोशी के भतीजे हैं और दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं। तीन बार जीतने के बाद वे लगातार दो चुनाव हार चुके हैं। उनके क्षेत्र से वैश्य समाज के नेता अरविंद बागड़ी और दीपक जोशी उर्फ पिंटू भी दावेदार हैं।