महिला आरक्षण बिल का इंदौर की महिला नेत्रियों ने किया स्वागत-वंदन

महिलाओं के आरक्षण की बात तो दशकों से हो रही थी, अब हमें यह अधिकार मिलने जा रहा

इंदौर। महिला आरक्षण बिल को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद नए संसद भवन से इसे हरी झंडी मिलने की प्रबल संभावना है। सिर्फ भाजपा ही नहीं, बल्कि कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल इस बिल के समर्थन की बात कह चुके हैं। इंदौर में भी महिला जनप्रतिनिधियों ने इस बिल का स्वागत किया है। आठ बार की सांसद और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार, दो बार की विधायक मालिनी गौड़ सभी ने इस बिल का स्वागत किया है। महिला नेत्रियों ने कहा कि महिलाओं के आरक्षण की बात तो दशकों से हो रही थी, अब हमें यह अधिकार मिलने जा रहा है।

नारी शक्ति वंदन बिल

आठ बार की सांसद और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा कि मैं तो इस बिल को महिला आरक्षण बिल नहीं, बल्कि नारी शक्ति वंदन बिल कहूंगी। समान अधिकार पर जब भी बात होती थी मैं कहती थी कि कौन किसको अधिकार देगा। सभी समान हैं। प्रकृति ने सभी को समान बनाया है। जरूरत नारी की क्षमता को पहचान दिलाने की है। उसे क्षमता दिखाने का मौका मिलना चाहिए। ताई ने कहा कि यह बहुत आनंददायक बात है कि गणेशोत्सव के अवसर पर ही यह बिल कैबिनेट से मंजूर हुआ है। गणेश विघ्नहर्ता, सुखकर्ता हैं। सबसे बड़ी बात यह कि वे मातृभक्त हैं। इस बिल को लाना संकल्प दर्शाता है। संसद के नए भवन में मातृ शक्ति का बिल आना एक शुभ संकेत है। इस बिल को जल्द पास होना चाहिए।