अब महाकालेश्वर की सवारी में  हाथी के उपयोग पर आपत्ति

– इंदौर की पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था ने मप्र के मुख्य सचिव को लिखा पत्र

– वीडियो वायरल होने के बाद संस्था की ओर से कार्रवाई की मांग भी की है 

दैनिक अवंतिका उज्जैन।

अब महाकाल की सवारी में निकलने वाले हाथी के उपयोग पर आपत्ति आई है। यह आपत्ति इंदौर की पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था ने ली है। इस संबंध में संस्था की ओर से मप्र के प्रमुख सचिव एवं जीव जंतु कल्याण के सेक्रेटरी को पत्र भेजकर शिकायत दर्ज कराई गई है। पत्र मेल के जरिए भेजा है।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि उज्जैन में निकलने वाली महाकाल की सवारी के दौरान का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक हाथी के साथ क्रूरता (हाथी को आगे बढ़ाने के लिए लकड़ी में कील लगाकर मारना दिख रहा है) इतना ही नहीं सवारी में हाथी का इस्तेमाल लोगों की सुरक्षा के हिसाब से भी जोखिम भरा दिख रहा है। क्योंकि उक्त हाथी हजारों लोगों की भीड़ के बीच चलता है। संस्था के प्रियांशु जैन ने कहा कि उज्जैन के कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एसपी सचिन शर्मा को भी इससे अवगत कराया गया है। वीडियो को मेल से अटैच्ड कर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जन सुरक्षा और वन्य प्राणी हाथी के साथ क्रूरता के मामले में कार्रवाई की मांग की है। इसे लेकर उज्जैन कलेक्टर को ज्ञापन भी देंगे।

सोशल मीडिया पर वायरल

हुए में ये दिखाया गया है

संस्था की ओर से प्रियांशु जैन ने अधिकारियों को शिकायत के साथ जो वीडियो भेजा है, उसमें सवारी के दौरान महावत हाथी को कील चुभाता नजर आ रहा है। इससे हाथी असहज हो जाता है। इस दौरान हाथी पर भगवान का मुखारविंद भी दिखाई दे रहा है।

मेल से भेजी शिकायत में ये 

लिखा गया संस्था की ओर से

पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था इंदौर ने चार प्रकार के मेल किए हैं। उन्होंने शिकायत में लिखा है कि उज्जैन में परंपरागत रूप से महाकाल की सवारी निकाली जाती है। जिसमें एक हाथी के साथ क्रूरता किए जाने का वीडियो सामने आया है। इस तरह हाथी का लाखों लोगों के बीच उपयोग किया जाना जन सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरा है। निवेदन है कि मामले की जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए। जिम्मेदार दोषियों को दंडित किया जाए।