महाकालेश्वर मंदिर के पुजारियों ने ओहमायगॉड – 2 को भेजा नोटिस

– फिल्म में शिव को कचोरी खरीदते दिखाने पर आपत्ति

– विवादित शॉट्स हटाने के बाद ही फिल्म दिखाई जाएं

दैनिक अवंतिका उज्जैन।

महाकाल मंदिर के पुजारी ने फिल्म ओहमायगॉड-2 फिल्म के मेकर्स को लीगल नोटिस भेजा है। फिल्म में भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्हें बाजार में दुकान से कचोरी खरीदते दिखाने पर पुजारी ने आपत्ति ली है।

यह भगवान महाकाल के श्रद्धालुओं को आहत करने वाला है। इसलिए फिल्म प्रदर्शन से पहले इसमें से सारे आपत्ति जनक सीन हटाए जाएं।

बताया जाता है कि उक्त फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को ए सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम आयु के लोग नहीं देख पाएंगे। इस पर महाकाल मंदिर के महेश पुजारी का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के दृश्य स्वीकार्य नहीं होंगे। इसलिए यह नोटिस फिल्म निर्देशक अमित राय, निर्माता विपुल शाह और चंद्रप्रकाश द्विवेदी, अभिनेता अक्षय कुमार  सहित सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून कुमार जोशी को भेजा गया है। नोटिस अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से हाईकोर्ट के वकील अभिलाष व्यास ने 7 अगस्त को भेजा है।

विवादित दृश्य हटाने के साथ

साथ माफी मांगने को कहा
नोटिस में कहा गया है कि 24 घंटे के अंदर फिल्म से अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली जाएं। ऐसा नहीं करने पर फिल्म के सर्टिफिकेट को रद्द करने के लिए अपील की जाएगी। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस भी दर्ज कराया जाएगा और उज्जैन में फिल्म रोक के लिए प्रदर्शन होगा।

फिल्म में उज्जैन में रहने वाले 

शिव भक्त की कहानी दिखाई
– फिल्म की कहानी मंदिरों के शहर उज्जैन में रहने वाले भगवान शिव के एक परम भक्त कांति शरण मुद्गल के इर्द-गिर्द बुनी गई है।

– जीवन की मुश्किल परिस्थितियों में कांति के सामने भगवान प्रकट होते हैं और उसके जीवन में आने वाली चुनौतियों को हल करने में उसकी मदद करते हैं।

– सेक्स एजुकेशन जैसे बोल्ड सब्जेक्ट पर बेस्ड इस फिल्म में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम लीड रोल में नजर आएंगे।

– फिल्म 2012 में रिलीज परेश रावल और अक्षय कुमार स्टारर ओहमायगॉड का सीक्वल है।

– इस फिल्म में अक्षय ने श्रीकृष्ण का रोल प्ले किया था। अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ओहमायगॉड-2 पर महाकाल मंदिर के पुजारी पहले भी आपत्ति ले चुके हैं।

– पुजारियों का कहना है कि इस फिल्म से महाकाल मंदिर में शूट किए गए सभी दृश्यों को तत्काल हटा लिया गया है।

– फिल्म को अगर ए सर्टिफिकेट दिया तो अश्लीलता परोसने के साथ महाकाल मंदिर के शॉट्स दिखे तो प्रदर्शन होगा व एफआरआई दर्ज कराई जाएगी।