चुनावी माहौल में नेताओं की पसंद महाकाल सवारी, अब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आ रहे 

– डेढ़ घंटे रुकने का कार्यक्रम आया, रामघाट पर पूजन में शामिल होंगे

– इसके पहले मुख्यमंत्री शिवराज भी पत्नी साधना के साथ निकल चुके

दैनिक अवंतिका उज्जैन।

चुनावी माहौल में नेताओं को उज्जैन में निकलने वाली महाकाल की सवारी पसंद आ रही है। अब अगली सवारी में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल होंगे। इसके पहले मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पत्नी साधना सिंह के साथ पैदल शामिल हुए थे।

कमलनाथ का सवारी में शामिल होने के लिए करीब डेढ़ घंटे का कार्यक्रम आया है। सवारी में कमलनाथ रामघाट पर पूजन में शामिल होंगे और यहां से रवाना हो जाएंगे। उज्जैन में श्रावण के अधिकमास में निकलने वाली महाकाल की सवारियों में नेताओं के शामिल होने का क्रम जारी है। पहले मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ पैदल शामिल हुए थे। वे तो पूरी सवारी में ही भक्तिभाव में लीन होकर निकले। अब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उज्जैन आ रहे हैं। वे सोमवार की शाम को सीधे शिप्रा तट रामघाट पर पूजन में शामिल होंगे। इसके बाद वहीं से भोपाल भी लौट जाएंगे।

चुनावी महौल में सवारी में दिख रहे

नेता, पहले शिवराज भी निकल चुके

चुनावी माहौल में अब कमलनाथ भी शिव भक्ति में रमे नजर आएंगे। यह सवारी 14 अगस्त को महाकाल मंदिर से निकलेगी। उज्जैन शहर कांग्रेस के पास अभी जो कार्यक्रम आया है यह जानकारी उसी के मुताबिक है। शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रवि भदौरिया के अनुसार कमलनाथ सोमवार की दोपहर में 3.30 बजे भोपाल से चलेंगे व 4.15 बजे हेलिपेड पर उतरकर सीधे शिप्रा नदी के रामघाट पर आएंगे। यहां पर एक घंटे रुक कर सवारी पूजन में शामिल होने के बाद शाम 5.30 बजे पुन: भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि महाकाल मंदिर की तीसरी सवारी में सीएम शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए थे।

मुख्यमंत्री रहते हुए भी वर्ष 2019 में

सवारी में शामिल हो चुके कमलनाथ

19 अगस्त 2019 को मुख्यमंत्री रहते हुए कमलनाथ उज्जैन आए थे और श्रावण मास में महाकाल की पांचवीं सवारी में शामिल हुए थे। कमलनाथ ने उस दौरान मंदिर के सभा मंडप में पूजन अभिषेक कर पालकी को कांधा भी दिया था। इस दौरान उनके साथ सज्जन सिंह वर्मा, मंत्री पीसी शर्मा, जीतू पटवारी आदि कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद थे।