इंदौर में छाए रहेंगे बादल, सात जिलों में रेड अलर्ट

इंदौर। गुरुवार सुबह से शहर में बादल छाए रहे और वर्षा की हल्की फुहारे बरसी। सुबह पश्चिमी पूर्वी पश्चिमी हवाएं 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। सुबह से धुंध का असर रहा और न्यूनतम दृश्यता तीन हजार मीटर तक दर्ज की गई। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.1 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब है कि बुधवार को दिनभर शहर में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। शहर में पश्चिमी हवाएं 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर पिछले 24 घंटे में 1.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की वर्षा होगी। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी व झारखंड में गहरा अवदाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा एक मानसून द्रोणिका गोरखपुर, गया और गहरे अवदाब के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इनका ज्यादा प्रभाव पूर्वी मप्र पर है। ऐसे में इंदौर में निचले स्तर के बादल छाए रहने के कारण हल्की रिमझिम वर्षा ही होगी। गौरतलब है कि इंदौर जिले की हातोद में पिछले 24 घंटे में 14.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, वहीं महू में 5 मिलीमीटर सागर में 6.4 मिलीमीटर देपालपुर में 4.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन दो मौसम प्रणालियों के असर से पूर्वी मप्र में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इंदोर संभाग, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर के जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है।