नगर पालिका परिषद की बैठक में हुआ जमकर हंगामा

शाजापुर।  नगर पालिका में आज परिषद की बैठक थी जिसमें जमकर हंगामा हुआ। नगरपालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच तकरार भी हुई। नगरपालिका अध्यक्ष नाराज होकर भाजपा के कुछ पार्षदों के साथ बाहर चले गए। अध्यक्ष और पार्षद वापस आएं और सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी के बीच परिषद की बैठक भी निरस्त कर दी गई। नगरपालिका में भाजपा की परिषद है और परिषद बनने के बाद से ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच नहीं बन पा रही है। सोशल मीडिया पर भी इनके विवाद सामने आते रहते हैं। मंगलवार को भी परिषद में हुए हंगामे के बाद नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी ने अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाएं। भाजपा पार्षद भी दोनों के बीच बंटे हुए हैं। भाजपा की गुटबाजी आज खुलकर सामने आई।

क्यों बनी विवाद की स्थिति

नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी सहित अन्य पार्षदों ने बैठक में सवाल किया परिषद को एक साल हो गया, इसमें क्या विकास कार्य हुए और हमारी क्या उपलब्धि रही। इस विषय पर चर्चा होते होते अध्यक्ष कुछ पार्षदों के साथ बाहर चले गए। बाहर जाने के बाद सभी वापस बैठक कक्ष में आएं और सीएमओ धीरेन्द्र शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया सीएमओ काम नहीं करते।

इस मामले में सीएमओ धीरेन्द्र शर्मा ने कहा मुझे आएं अभी 15 दिन हुए हैं। परिषद में मेरे खिलाफ नारेबाजी की गई है।नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी ने कहा अध्यक्ष से हमने विकास कार्यों को लेकर सवाल किया तो उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी कर बैठक निरस्त कर दी। नगरपालिका में होने वाले कार्यों की जानकारी मुझे और अन्य पार्षदों को नहीं होती। नगरपालिका की फाईल भी अध्यक्ष के घर रहती है। नगरपालिका में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम जैन ने कहा मेरे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से हमारी ही पार्टी के लोगों को तकलीफ है। हर अच्छे कार्य काम का विरोध कर रहे हैं। आठ साल से बंद पड़ी पानी की टंकियों को चालू किया गया। सोमवारिया और नईसड़क का
डामरीकरण किया गया। 40 लाख रुपए से पाइप लाइन डाली जा रही, इसके अलावा भी कार्य हो रहे हैं।