April 20, 2024

घायलों से मिलने सीएम शिवराज अस्पताल पहुंचे

उमरिया। नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में लोगों को ला रही थी। कार्यक्रम स्थल से 5 किमी पहले यह हादसा हो गया। 21 लोग घायल हुए हैं। एक गंभीर घायल को जबलपुर रेफर किया है। सीएम शिवराज ने उमरिया जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। इसके बाद कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए। शुभम ट्रैवल्स शहडोल की बस पाली बीरसिंहपुर (उमरिया) के भतौरा गांव से लोगों को लेकर कार्यक्रम स्थल जा रही थी। घाघरी ओवरब्रिज पर दो पहिया वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई। बस पलटते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई। शहडोल संभाग आयुक्त राजीव शर्मा ने बताया कि 3 लोगों की मौत हुई है।
कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिला अस्पताल में मुख्यमंत्री से मिलकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा का कहना है कि हादसा आरटीओ की लापरवाही और कंडम बस की वजह से हुआ है। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, फिर जाम को खुलवाया गया।