April 26, 2024

सरकारी खर्च पर यात्रा के लिए 32 बुजुर्गों ने उड़ान भरी, मुख्यमंत्री की घोषणा- अगली बार जोड़े से कराएंगे तीर्थ दर्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकारी खर्च पर हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। भोपाल एयरपोर्ट से रविवार सुबह 9.45 बजे प्रयागराज के लिए 32 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों ने इंडिगो की फ्लाइट से उड़ान भरी। 1 घंटे में 10.50 पर सभी प्रयागराज में लैंड हुए। यह यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कराई जा रही है। 19 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा में 25 जिलों के बुजुर्गों को प्रयागराज, शिर्डी, मथुरा-वृंदावन और गंगासागर ले जाया जाएगा। रविवार को पहली ट्रिप में भोपाल के यात्री तीर्थ दर्शन के लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद बुजुर्गों को छोड़ने एयरपोर्ट तक आए। उन्होंने कहा, ‘राम की कृपा से आप तीर्थों के दर्शन करेंगे और हमें व प्रदेश को आपका आशीर्वाद मिलेगा।’ इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की, ‘अगली बार बुजुर्ग जोड़ों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। अभी एक परिवार से एक ही सदस्य जाता है। अगली फ्लाइट में दादा भी जाएंगे और दादी भी जाएंगी।’
अपर मुख्य सचिव गृह एवं धर्मस्व डॉ. राजेश राजौरा के मुताबिक प्रदेश के बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को रेल मार्ग से यात्रा कराने वाला पहला राज्य भी मध्यप्रदेश बन गया है।
इस तीर्थ यात्रा में 24 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। उनके साथ एक अनुरक्षक (एस्कॉर्ट) भी है। तीर्थ यात्रियों की मदद के लिए भोपाल एयरपोर्ट पर एक काउंटर विशेष रूप से बनाया गया था। ट्रेन से इस तीर्थ यात्रा में 4 से 5 दिन का समय लगता है। हवाई यात्रा से यह सफर 24 से 36 घंटे में पूरा हो जाएगा। निजी खर्च पर भोपाल से प्रयागराज की हवाई यात्रा की जाए, तो एक यात्री पर एक तरफ से करीब साढ़े 3 हजार रुपए खर्च होंगे।

इंदौर-उज्जैन सहित 25 जिलों के बुजुर्ग करेंगे तीर्थ यात्रा

जुलाई तक प्रदेश के 25 जिलों के बुजुर्गों को प्रयागराज, शिर्डी, मथुरा-वृंदावन और गंगासागर की हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। 23 मई को आगर-मालवा जिले के तीर्थ यात्री इंदौर एयरपोर्ट से शिर्डी जाएंगे। इंदौर, आलीराजपुर, धार, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, झाबुआ, विदिशा, आगर मालवा, बैतूल, देवास, हरदा, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, दमोह, रतलाम, शाजापुर, सागर, उज्जैन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर और खरगोन के तीर्थ यात्री भी शिर्डी, प्रयागराज, गंगासागर और मथुरा-वृंदावन की तीर्थ यात्रा प्लेन से करेंगे।