April 26, 2024

 

इंदौर। आइडीए मल्टी में रहने वाले मोहन यादव नामक शख्‍स की पत्नी सोनम यादव घर से फरार हो गई। मोहन ने उस पर हेराफेरी का केस दर्ज करवा दिया। आरोप लगाया कि पत्‍नी घर से हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां आदि चुराकर ले गई है। उसने 55 साल के शशि नामक शख्‍स के साथ तीसरी शादी भी रचा ली है।
निजी बैंक में केवायसी अपडेट करने वाले मोहन पुत्र धुलसिंह यादव से सोनम की 2008 में मुलाकात हुई थी। उस वक्त सोनम विनोबा नगर (पलासिया) में रहती थी। दोनों की दोस्ती प्रेम में बदल गई और शादी कर ली।
पहले मंदिर में रस्में निभाई। इसके बाद कोर्ट में लिखा पढ़ी करवा ली। दो साल पूर्व सोनम निवासी सुदामा नगर अचानक घर से गायब हो गई।
मोहन पहले समझा सोनम नाराज होकर गई है और कुछ दिनों बाद लौट आएगी। राजकोट (गुजरात) रहने वाली बहन ने काल कर बताया कि सोनम ने उज्जैन के शशि से शादी कर ली है।
जानकारी जुटाई तो पता चला कि सोनम तो पहले भी राकेश नाम के व्यक्ति से शादी कर चुकी थी। उसके परिचित एकता, राधा, सपना, शरद आदि शादियां करवा कर ठगने का गिरोह चलाते हैं।
मोहन ने सोनम के पास जाकर बात करने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी। उसने जहर खाने का प्रयास भी किया। परेशान होकर आयुक्त हरिनारायाणाचारी मिश्र को शिकायत की और केस दर्ज करवा दिया।