April 27, 2024

मावठा गिरने के बाद आज भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार

इंदौर। सोमवार सुबह शहर में कोहरे का असर दिखाई दिया और न्यूनतम दृश्यता गिरकर 700 मीटर तक पहुंची। सुबह 6 से 8.30 बजे के बीच दृश्यता एक हजार मीटर से कम रही। गौरतलब है कि इस सीजन में तीसरी बार शहर में कोहरा दिखा है। रविवार रात 11.30 बजे बाद शहर में कुछ समय के लिए अन्नपूर्णा, पलासिया, एलआईजी क्षेत्र में बारिश हुई। कई स्थानों पर मावठा गिरा। बारिश के साथ नमी होने के कारण सोमवार सुबह कोहरा दिखाई दिया। सोमवार सुबह शहर में उत्तर पूर्वी हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। वहीं विगत 24 घंटों में हवाओं की अधिकतम गति 28 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
सुबह बादल नहीं थे लेकिन रविवार रात को बादल होने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 15 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार सुबह बादल न होने व धूप निकलने के कारण ठंड से राहत रही थी और दिन में हल्की गर्मी का अहसास भी हुआ। इसके असर से रविवार को दिन के पारे में इजाफा देखने को मिला और शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.2 डिग्री दर्ज किया गया था। एक फरवरी के बाद फिर ठंड लौटने की संभावना व्यक्त की गई है।