April 26, 2024

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने इंदौर में फहराया तिरंगा

इंदौर। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में हुआ। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और झांकियां भी निकलीं।
समारोह के दौरान अभूतपूर्व उत्साह का माहौल था। समारोह में 14 प्लाटूनों ने गर्मजोशी से आकर्षक परेड प्रस्तुत की। मंत्री सिलावट ने ध्वजारोहण के पश्चात खुली जीप से परेड का निरीक्षण किया। परेड के पश्चात उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय भी प्राप्त किया। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी तथा पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र भी थे। परेड के दौरान सशस्त्र दलों द्वारा हर्ष फायर किगए गए। ‘गणतंत्र दिवस अमर रहे’ के नारे से आसमान गुंजायमान हो गया।

अलग-अलग जिलों में ध्वजारोहण

अलग-अलग जिलों में मंत्रियों ने ध्वजारोहण किया। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया में, पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव सागर में, जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट इंदौर में ध्वजारोहण किया। इसी तरह, वन मंत्री विजय शाह खंडवा में, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर में, कृषि मंत्री कमल पटेल हरदा में, पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल बड़वानी में, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा नीमच में, पर्यटन, संस्कृति और अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर देवास में,
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग रतलाम में, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव धार में, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह श्योपुर में, स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार शाजापुर में, ध्वजारोहण किया।