April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। भंवरकुआ में रहने वाले एक सिख छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसने एक सप्ताह पहले ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। जिसके बाद उसे परिवार के लोगों ने बेदखल करने की बात कही थी। इस बात को लेकर वह तनाव में चल रहा था। पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।
भंवरकुआ के एएसआई रामस्वरूप गहलोत के मुताबिक मृतक हरमल सिंह 22 पुत्र सोहन सिंह निवासी पिपल्याराव है। हरमल मूल रूप से बेटमा का रहने वाला है। वह इंदौर में कुछ सालों पढ़ाई कर रहा था। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मोबाइल जब्त कर जांच कर रही है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी छात्रा से दोस्ती

पुलिस के मुताबिक हरमल और साक्षी की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। यहां चैटिंग के बाद दोनों ने मिलने की इच्छा जाहिर की। पहली मुलाकात में ही दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। लिव इन रहने के एक साल बाद एक सप्ताह पहले दोनों ने आर्य समाज मंदिर में जाकर शादी कर ली।
परिवार ने बेदखल करने का कहा
हरमल और साक्षी की दोनों अलग-अलग समाज के थे। साक्षी के पिता नहीं है। जबकि साक्षी की मां शादी के लिए तैयार हो गई थी। लेकिन हरमल के परिवार के लोगों ने उसे अपने साथ रखने से इंकार कर दिया। साथ ही हरमल को परिवार ने बेदखल करने की बात कही। जिसके बाद से वह तनाव में रहने लगा।