भाजपा में कविता पाटीदार का तेजी से बढ़ रहा दखल, महू से चुनाव लड़ने की चर्चा

 

राज्यसभा सदस्य, भाजयुमो प्रभार, विदेश संपर्क अभियान की प्रदेश संयोजक, ग्वालियर का प्रभार के बाद अब प्रदेश महिला मोर्चा का अतिरिक्त प्रभार

इंदौर। मप्र में जैसे-जैसे चुनाव का समय पास आता जा रहा है, वैसे-वैसे सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी टीम का विस्तार किया है। भाजपा के कई मोर्चा के लिए संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। इनमें इंदौर से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को एक बार फिर तवज्जो दी गई है। पाटीदार को इस बार महिला मोर्चा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गौरतलब है कि कविता पाटीदार के पास पहले से ही भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रभार है। इसके साथ ही अब उन्हें महिला मोर्चा का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बता दें पाटीदार भाजपा प्रदेश संगठन में महामंत्री भी हैं। इसके साथ ही वे विशेष जनसंपर्क अभियान की प्रदेश संयोजक भी हैं। वहीं संगठन ने नागदा के रहने वाले तेज बहादुर सिंह चौहान को इंदौर नगर के प्रभार के साथ ही अब इंदौर संभाग के सह-प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। भाजपा ने एम एजाज खान को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और वसीमउद्दीन को प्रदेश महामंत्री बनाया है। इनके साथ ही इंदौर के रोहित गंगवाल को विदेश संपर्क विभाग का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। संगठन की ओर से सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों की माने तो विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में आपसी कलह खुलकर सामने आ रही है। इसके चलते डेमेज कंट्रोल की कोशिश लगातार जारी हैं। यह नियुक्तियां भी आपसी कलह को देखते हुए की गई है। वहीं नियुक्तियों में जातिगत समीकरण का भी ध्यान रखा गया है।

पार्टी में लगातार बढ़ रहा कविता का कद

भाजपा संगठन में कविता पाटीदार का कद लगातार बढ़ता जा रहा है। कविता को मिले इतने प्रभार ने पार्टी के दूसरे पदाधिकारियों को बेकरार कर रखा है। कविता राज्यसभा सांसद के साथ ही प्रदेश महामंत्री की भूमिका में भी हैं। इसके साथ ही उन्हें ग्वालियर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र का प्रभार भी दिया गया है। यहीं नहीं समय-समय पर उन्हें और भी जिम्मेदारी सौंप दी जाती है। भोपाल में संगठन से जुड़ा कोई भी आयोजन हो तो पाटीदार महत्वपूर्ण भूमिका में रहती हैं। संगठन की बेहद भरोसेमंद मानी जाने वाली कविता को अब भाजयुमो के साथ ही महिला मोर्चा का भी अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है। एक चर्चा यह भी है कि कविता इस बार महू से विधानसभा चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रही हैं।