March 29, 2024

इंदौर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मप्र में शुरू होने के साथ ही इंदौर में उनकी यात्रा का रूट भी तय हो गया। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के गुजरने का रूट भी जारी कर दिया।
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के अनुसार 27 और 28 नवंबर को राहुल गांधी की इंदौर यात्रा का रूट इस प्रकार रहेगा-
यात्रा 27 नवंबर को सुबह 6 बजे महू से शुरू होगी। दोपहर को राऊ के आगे एयू सिनेमा के समीप लंच ब्रेक होगा।लंच के बाद दोपहर 4 बजे एयू सिनेमा से यात्रा शुरू होगी। यात्रा राजेंद्र नगर पुलिस थाने के सामने से होते हुए गुजरेगी। यहां से राजेंद्र नगर ब्रिज से चाणक्य पुरी चौराहा।चाणक्य पुरी चौराहा से केसरबाग ब्रिज से उतर कर चोइथराम मंडी चौराहा जाएगी। वहां से माणिकबाग रोड से मणिकबाग पुल से कलेक्टर चौराहा पहुंचेगी।यहाँ से हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए बाटा शोरूम के सामने से राजबाड़ा पर यात्रा खत्म होगी।
राजबाड़ा पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। (27 की रात को रात्रि विश्राम)
28 नवंबर को सुबह 6 बजे यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होगी। यात्रा जिंसी चौराहा से किला मैदान होते हुए मरी माता चौराहा जाएगी। मरी माता चौराहे से विधायक संजय शुक्ला के निवास के सामने से बाण गंगा की तरफ बढ़ेगी।बाण गंगा से यात्रा लवकुश चौराहा जाएगी।
लवकुश चौराहा से अरविंदो हॉस्पिटल के सामने से गुजरेगी।अरविंदो हॉस्पिटल चौराहा से आगे विधायक संजय शुक्ला के फार्म हाउस पर लंच ब्रेक होगा। दोपहर 4 बजे लंच के बाद यात्रा ग्राम तराना पहुंचेगी। तराना से सांवेर के लिए प्रस्थान करेगी।