April 25, 2024

भारत जोड़ो यात्रा में पहली बार प्रियंका, रॉबर्ट वाड्रा और बेटा रेहान भी साथ

खंडवा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई। मध्यप्रदेश में यात्रा का यह दूसरा दिन है। राहुल के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता और उनकी बहन प्रियंका गांधी भी यात्रा में पैदल चल रही हैं। आज यात्रा का 78वां दिन है। प्रियंका पहली बार यात्रा में शामिल हुई हैं। उनके साथ रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी हैं। कन्हैया कुमार भी यात्रा में साथ हैं। इससे पहले सोनिया गांधी 1 दिन के लिए यात्रा में शामिल हुई थीं।
राहुल गांधी रुस्तमपुर पहुंच चुके हैं। वे यहां टंट्या भील की जन्मस्थली बड़ौदा अहीर जाएंगे। यहां जनसभा होगी। इसके बाद डूल्हार के गुरुद्वारा में लंच ब्रेक होगा। यहां से यात्रा छैगांव माखन के लिए चलेगी, वहां नुक्कड़ सभा के बाद दूसरे दिन का सफर खत्म होगा। रात्रि विश्राम खरगोन जिले के खेरदा में होगा। प्रदेश में यात्रा की शुरुआत बुधवार को बुरहानपुर के बोदरली गांव से हुई थी। यात्रा 12 दिन में इंदौर, उज्जैन सहित 6 जिलों को नापती हुई 4 दिसंबर को राजस्थान में एंट्री करेगी।

डेढ़ सौ झंडे थे बीस ही दिख रहे
यूथ कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी ने संगठन पर नाराजगी जताई। पराग शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा- 150 झंडे थे, 20 ही दिख रहे हैं। बाकी कहां गए। यूथ कांग्रेस नेता अखिलेश यादव ने भी कार्यकर्ताओं को फटकारा।

यात्रा की रिहर्सल में घायल एसआई ने इंदौर में दम तोड़ा

भारत जोड़ो यात्रा की रिहर्सल के दौरान कार की टक्कर से घायल एसआई भूपेंद्र गुर्जर ने इलाज के दौरान इंदौर में दम तोड़ा। उनका अंतिम संस्कार भिंड जिले में पैतृक गांव में होगा।

यात्रा 6 राज्यों से होकर आई मध्यप्रदेश में

भारत जोड़ो यात्रा 6 राज्यों से होकर मध्यप्रदेश आई है। यात्रा में गुरुवार को मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान के नेता भी शामिल हुए। यात्रा में आज राजस्थान के कद्दावर नेता सचिन पायलट भी चल रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस सेवा दल भी साथ चल रहा है।

यात्रा देखने महिलाएं घरों से बाहर निकली

खंडवा जिले के कुुमठी गांव की महिलाएं और बच्चे भारत जोड़ो यात्रा को देखने के लिए घरों से बाहर आकर खड़ी हो गईं। राहुल ने ग्रामीणों का अभिवादन किया।