April 25, 2024

उज्जैन। बीती रात युवक ने गले में मौत का फंदा डाल लिया। वृद्ध दादा ने उसे लटका देख पुलिस को सूचना दी। मृतक की 6 माह पहले शादी हुई थी। वहीं 2 दिन पहले जीजा की डूबने से मौत हुई थी।
पंवासा में निवासी चेतन पिता मुकेश 21 वर्ष बुधवार रात फंदे से उतारकर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पंवासा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान सामने आया कि चेतन की 6 माह पहले ही शादी हुई थी। 3 दिन पहले वह अपने जीजा के साथ सामाजिक कार्यक्रम में गरोठ गया था। जहां कुएं में नहाते समय जीजा की डूबने से मौत हो गई थी। गुरुवार को मृतक जीजा विजय का तीसरा था। बुधवार को परिवार गमी के कार्यक्रम में ग्राम बकानिया गया था, चेतन घर पर ही था। वह जीजा की मौत से काफी दुखी हो गया था। संभवत: इसी के चलते उसने फांसी लगाई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामला जांच में लिया है। चेतन के फांसी लगाने की खबर मिलते ही बकानिया गया परिवार लौट आया था।