April 25, 2024

उज्जैन। विक्रमनगर ब्रिज पर मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश को लगी पुलिस की गोली पैर के आर-पार होना सामने आई है। बदमाश के साथी को पुलिस ने घेराबंदी का दबोच लिया था। जिसे न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। बदमाश का कस्टडी में उपचार चल रहा है।
बुधवार रात विक्रमनगर ब्रिज पर कुख्यात बदमाश अनमोल गुर्जर और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई थी। बदमाश ने माधवनगर टीआई मनीष लोधा पर 2 गोली चलाई थी। एक पुलिस वाहन के कांच पर लगी और दूसरी करीब से निकल गई। जवाब में टीआई ने भी 2 फायर किये। एक गोली अनमोल के पैर पर जाकर लगी और वह गिर गया। जिसे उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसके पैर का एक्स-रे कराया गया। जिसमें सामने आया कि गोली पैर के आर-पार निकल चुकी है। अनमोल ने अपने भाई कजिन भाई रौनक, रोशन और उनके पिता मनोहर गुर्जर के साथ मिलकर गैंग तैयार कर ली थी। अनमोल जनवरी 2019 से अपराधों को अंजाम दे रहा है। 2019 में उसके खिलाफ चिमनगंज ने 6 और नीलगंगा ने 1 अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 2021 में फिर चिमनगंज में अपराध को उसने अंजाम दिया। 2022 में उसके खिलाफ फरवरी और अक्टूबर में फिर से चिमनगंज में अपराध दर्ज किये गये। अक्टूबर में उसने रौनक, रोशन और मनोहर के साथ रावण दहन के नाम पर ढांचा भवन में कई लोगों से पिस्टल-चाकू अड़ाकर जबरिया वसूली की थी। उक्त मामले में अनमोल और रोशन फरार चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार का इनाम घोषित किया गया था। विक्रमनगर ब्रिज पर भी अनमोल अपने साथी फैजान के साथ लूटपाट करने पहुंचा था। माधवनगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 353, 307, 34 और 25, 27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया है।