April 27, 2024

इंदौर। टीआई हाकमसिंह सुसाइड केस में रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी एएसआई रंजना खांडे और तीसरी पत्नी रेशमा दोनों को एक साथ जेल भेजा गया। दोनों को जेल की एक ही बैरक में रखा गया है। एक ही केस से जुड़े होने के कारण वे साथ ही वक्त बिता रही हैं। जेल में पहले दिन उन्होंने एक-दूसरे का हाल जाना। साथ ही चाय पी और प्रार्थना में शामिल हुईं। इनके साथ चार और महिला अपराधियों को भी रखा गया था।
जेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जेल में पहले रेशमा और रंजना पूरे समय आपस में बातें करती रहीं। चूंकि दोनों एक ही केस में आरोपी हैं, इसलिए वे दिन भर इसी केस के बारे में बातें करती रहीं। जिला जेल के अधीक्षक अमजेर सिंह ठाकुर ने बताया कि रंजना और रेशमा सोमवार देर शाम जेल में दाखिल हुई थीं। यहां उन्हें महिला सेल में बने वार्ड में क्वारंटाइन किया गया है। यहां सात दिन तक सामान्य तौर पर पर नए कैदियों को रखा जाता है। सोमवार को रंजना और रेशमा के साथ अन्य चार महिला कैदी भी जेल में दाखिल हुई थी। उन्हें भी यही रखा गया है।

चेहरे पर नहीं पछतावा

जेल अधीक्षक के मुताबिक रात में दोनों का व्यवहार सामान्य था। उनके चेहरे पर किसी तरह का पछतावा नहीं दिखाई दिया। दोनों रात में बातें करती रहीं। स्टाफ की तरफ से भी उनके बीच कोई विवाद की बात सामने नहीं आई। मंगलवार सुबह उन्हें मुलायजे के लिये बुलाया गया था। जब भी उन्होंने सवालों का सामान्य तरीके से जवाब दिया।

रात में खाया खाना, सुबह प्रार्थना में भी शामिल

महिला अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात में उन्होंने सामान्य तरीके से जेल का खाना खाया था। वहीं मंगलवार सुबह वह प्रार्थना में भी शामिल हुईं। इसके साथ ही उन्होंने सुबह चाय भी पी थी। मंगलवार को रंजना ने बैरक में आई अन्य महिला कैदियों से भी बात की।